यह ख़बर 12 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

अगले हफ्ते बाजार में हो सकती है मुनाफावसूली

खास बातें

  • शेयर बाजार में लगातार छठे सप्ताह तक लाभ में रहने के बाद चालू सप्ताह में बाजार में कुछ तकनीकी सुधार देखने को मिल सकता है। निवेशक कुछ मुनाफावसूली कर सकते हैं।
नई दिल्ली:

शेयर बाजार में लगातार छठे सप्ताह तक लाभ में रहने के बाद चालू सप्ताह में बाजार में कुछ तकनीकी सुधार देखने को मिल सकता है। निवेशक कुछ मुनाफावसूली कर सकते हैं।  विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से देश में लगातार पूंजी अंत:प्रवाह के कारण बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में तेजी कायम रही और इस वर्ष अभी तक करीब 14 प्रतिशत बढ़ चुका है।

सीएनआई रिसर्च के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक किशोर ओस्तवल ने कहा, शेयर बाजार में तकनीकी सुधार का आना बाकी है। चालू सप्ताह बाजार का रुख तय करने वाला साबित होगा। यह देखने वाली बात है कि व्यापारी अपने सौदों को मार्च तक खींचते हैं कि नहीं। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली है, जिसे अधिक समय तक कायम नहीं रखा जा सकता है तथा निवेशकों को मुनाफावसूली के अवसर को चूकना नहीं चाहिए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बोनान्जा पोर्टफोलियो के शोध विश्लेषक शानू गोयल ने कहा, बाजार काफी उतार-चढ़ाव की स्थिति वाला बन गया है, इसलिए सतर्क रुख अपनाने की जरूरत है। यूनान के ऋण संकट का सौहार्दपूर्ण समाधान वैश्विक बाजार के लिए उत्प्रेरक का काम कर सकता है। घरेलू मोर्चे पर हो रहे चुनावों और उसके जीतने वालों का कयास बाजार की धारणा पर असर डालेंगे।