यह ख़बर 15 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में तेजी थमी, सेंसेक्स 60 अंक टूटा

मुंबई:

बैंक शेयरों में बिकवाली दबाव से शेयर बाजार में पांच दिनों से जारी तेजी मंगलवार को थम गई और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 60 अंक टूट गया। मुद्रास्फीति बढ़ने से आरबीआई द्वारा नीतिगत दरें बढ़ाने की अटकलों से बैंकिंग शेयर दबाव में रहे।

तीस शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ खुला और कारोबार के दौरान दिन के उच्च स्तर 20,759.58 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, बिकवाली दबाव में यह 59.92 अंक नीचे 20,547.62 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक 23.65 अंक गिरकर 6,089.05 अंक पर जा टिका।

ब्रोकरों ने कहा कि थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के बढ़कर सात महीने के उच्च स्तर पर पहुंचने से रेपो दर बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। विश्लेषकों का अनुमान है कि आरबीआई रेपो दर में चौथाई प्रतिशत की वृद्धि कर सकता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि निवेशकों ने बैंकिंग व ब्याज दरों को लेकर संवेदनशील शेयरों में बिकवाली की। इससे एचडीएफसी बैंक 2.37 प्रतिशत, एसबीआई 2.09 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 1.98 प्रतिशत टूट गया।