खास बातें
- सेंसेक्स में 110.39 अंकों की यानी 0.64 फीसदी और निफ्टी में 30 अंकों की यानी 0.57 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में सबसे अधिक गिरावट रही।
मुंबई: सप्ताह के प्रथम कारोबारी दिन सोमवार को देश के शेयर बाजारों में गिरावट का रुख रहा। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में 110.39 अंकों की यानी 0.64 फीसदी और निफ्टी में 30 अंकों की यानी 0.57 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में सबसे अधिक गिरावट रही।
बम्बई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 17,241.98 पर खुला और 110.39 यानी 0.64 फीसदी की गिरावट के साथ 17,301.31 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 17,282.30 के ऊपरी और 17,079.63 के निचले स्तर को छुआ।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी सुबह 5,232.35 पर खुला और 30 अंकों यानी 0.57 फीसदी की गिरावट के साथ 5,197.25 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 5,246.85 के ऊपरी और 5,190.45 के निचले स्तर को छुआ।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप में 39.03 अंकों यानी 0.62 फीसदी और स्मालकैप में 41.40 अंकों यानी 0.61 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई के 13 सेक्टरों में से 10 सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि तीन सेक्टरों में मामूली तेजी रही।
सूचना प्रौद्योगिकी में सबसे अधिक 2.34 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा धातु, रियल्टी, प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता वस्तु में एक फीसदी से अधिक की गिरावट रही।
बीएसई सेंसेक्स में शामिल गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में टाटा स्टील (3.95 फीसदी), टीसीएस (3.16), जिंदल स्टील (2.69), टाटा मोटर्स (2.63), इन्फोसिस (2.48 फीसदी) शामिल रहे।
इसी तरह तेजी दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में भारती एयरटेल (3.85 फीसदी), डा. रेड्डीज लैब (1.81), मारुति सुजुकी (1.62), सिप्ला (1.17) और ओएनजीसी (0.77) शामिल रहे।
बीएसई में समग्र रूप से गिरावट का रुख रहा और 1661 में गिरावट रही जबकि 1160 में तेजी दर्ज की गई। 112 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।