यह ख़बर 06 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स में 11 अंकों की मामूली बढ़त

खास बातें

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी जैसी ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों में कारोबार के अंतिम आधे घंटे में लिवाली से सेंसेक्स में 11 अंक की बढ़त दर्ज हुई।
मुंबई:

काफी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच बंबई शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट पर ब्रेक लगा और बीएसई सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी जैसी ब्लूचिप कंपनियों के शेयरों में कारोबार के अंतिम आधे घंटे में लिवाली से सेंसेक्स में 11 अंक की मामूली बढ़त दर्ज हुई।

30 शेयरों वाला सेंसेक्स 15,664.91 से 16,001.31 के दायरे में घूमने के बाद अंत में 10.65 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 15,867.73 अंक पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में 2.52 फीसदी की तेजी दर्ज हुई। इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 4.15 अंक या 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,754.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 4,686.85 से 4,794.90 अंक के दायरे में घूमता रहा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रमुख शेयरों में एचडीएफसी 2.25 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 0.55 प्रतिशत की बढ़त में रहा। हालांकि भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 0.92 प्रतिशत, जयप्रकाश एसोसिएट्स 4.58 फीसदी और हीरो मोटोकार्प 5.12 प्रतिशत नुकसान के साथ बंद हुए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स कमजोर रहा था, क्योंकि निवेशकों ने कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजों से पहले सतर्कता का रुख अपनाया हुआ है। हालांकि यूरोपीय बाजारों की मजबूत शुरुआत से बाजार में अंतिम आधे घंटे में लिवाली देखने को मिली।