खास बातें
- दिग्गज शेयरों में लिवाली से 2012 के प्रथम कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 63 अंक, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.45 अंक चढ़कर बंद हुआ।
मुंबई:
शेयर बाजार ने नववर्ष का स्वागत मजबूती के साथ किया। निचले स्तर पर उपलब्ध दिग्गज शेयरों में लिवाली से 2012 के प्रथम कारोबारी सत्र में बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 63 अंक, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 12.45 अंक चढ़कर बंद हुआ।
पिछले चार कारोबारी सत्रों में 515 अंक गंवा चुका सेंसेक्स सोमवार को 63 अंक की बढ़त के साथ 15,517.92 अंक पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.03 प्रतिशत और इंफोसिस का शेयर 1.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में दोनों शेयरों का करीब 20 प्रतिशत भारांश है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 4,645.95 अंक और 4,588.05 अंक के दायरे में घूमने के बाद 12.45 अंक की मामूली बढ़त के साथ 4,636.75 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों में पात्र विदेशी निवेशकों को सीधा प्रवेश की अनुमति देने के सरकार के निर्णय से निवेशक उत्साहित नहीं थे। वहीं, दूसरी ओर, क्रिसमस और नववर्ष की छुट्टियों के चलते ज्यादातर विदेशी बाजार बंद होने से निवेशक दिशाहीन रहे।