यह ख़बर 21 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

चांदी में जोरदार तेजी, सोना भी चमका

खास बातें

  • लगातार लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को चांदी के भाव 1950 रुपये और चढ़कर 55,500 रुपये प्रति किलो हो गए।
नई दिल्ली:

वैश्विक तेजी के बीच मौजूदा शादी विवाह सीजन के मद्देनजर स्टॉकिस्टों और आभूषण निर्माताओं की लगातार लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को चांदी के भाव 1950 रुपये और चढ़कर 55,500 रुपये प्रति किलो हो गए। ताजा लिवाली के चलते सोने के भाव भी 75 रुपये की तेजी के साथ 27,865 रुपये प्रति 10 ग्राम बोले गए। वैश्विक बाजार में चांदी के भाव पांच सप्ताह के उच्चस्तर को छू गए। सोने में भी तेजी का रुख रहा, जिसका असर स्थानीय बाजार धारणा पर पड़ा।

न्यूयॉर्क में सोने के भाव 0.6 प्रतिशत बढ़कर 1664 डॉलर प्रति औंस और चांदी के भाव चढ़कर 31.90 डॉलर प्रति औंस हो गए। बाजार सूत्रों के अनुसार मौजूदा शादी-विवाह वालों की मांग को पूरा करने के लिए स्टॉकिस्टों और आभूषण निर्माताओं की लगातार लिवाली के चलते सोने और चांदी की कीमतों में उछाल आया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

घरेलू बाजार में चांदी तैयार के भाव 1950 रुपये की तेजी के साथ 55,500 रुपये और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 1775 रुपये चढ़कर 55,500 रुपये किलो बंद हुए। चांदी सिक्का के भाव 4,000 रुपये के उछाल के साथ 65,000-66,000 रुपये प्रति सैकड़ा बंद हुए। सोना 99.5 शुद्ध और सोना 99.5 शुद्ध के भाव 75 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 27,865 रुपये और 27,725 रुपये प्रति 10 ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव पूर्वस्तर 23,300 रुपये प्रति आठ ग्राम अपरिवर्तित बंद हुए।