खास बातें
- पिछले पांच कारोबारी सत्रों में 1,130 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स आज 68.40 अंक सुधरकर 18,090.62 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज की अगुवाई में मजबूत कंपनियों के शेयरों में लिवाली से शेयर बाजारों में पांच दिनों से जारी गिरावट पर बुधवार को ब्रेक लग गया और बांबे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स 68 अंक मजबूत होकर बंद हुआ। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में 1,130 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स आज 68.40 अंक सुधरकर 18,090.62 अंक पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से आरआईएल का रिफाइनिंग मार्जिन बढ़ने की उम्मीद में इसके शेयरों में लिवाली हुई। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 14.80 अंक मजबूत होकर 5,432 अंक पर बंद हुआ। ज्यादातर रीयल्टी और रिफाइनरी शेयर निवेशकों के आकषर्क के केन्द्र में रहे। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर आज 2.88 प्रतिशत के उछाल के साथ 921.40 रुपये पर बंद हुआ। वहीं टीसीएस 2.48 प्रतिशत उछलकर बंद हुआ।