बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 350.08 अंक यानी 0.56 प्रतिशत चढ़कर 63,142.96 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 403.55 अंक तक उछलकर 63,196.43 अंक तक पहुंच गया था.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 127.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,726.40 अंक पर बंद हुआ.
दोनों बाजारों में तेजी का यह लगातार चौथा कारोबारी दिन रहा. मंगलवार को सेंसेक्स में 5.41 अंक और निफ्टी में 5.15 अंक की मामूली बढ़त रही थी.
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक को लेकर निवेशकों का रुख सकारात्मक रहने से बाजार में तेजी रही. उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी उम्मीद है कि रिजर्व बैंक नीतिगत दर में बढ़ोतरी का सिलसिला रोके रखेगा.''
सेंसेक्स की कंपनियों में नेस्ले का शेयर सबसे अधिक करीब तीन प्रतिशत चढ़ गया. टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और एक्सिस बैंक में भी बढ़त रही.
दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट का रुख देखने को मिला.
बीएसई स्मॉलकैप 1.15 प्रतिशत के लाभ में रहा, जबकि मिडकैप 1.09 प्रतिशत चढ़ा.
कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘मौद्रिक समीक्षा से पहले बाजार में व्यापक लिवाली देखने को मिली और सेंसेक्स महत्वपूर्ण 63,000 अंक के स्तर को पार कर गया.''
उन्होंने कहा कि अब सभी की निगाह रिजर्व बैंक के वृद्धि परिदृश्य और मुद्रास्फीति को लेकर अनुमान पर रहेगी.
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग चढ़कर बंद हुए, जबकि जापान का निक्की गिरावट पर रहा.
यूरोप के बाजारों में दोपहर के सत्र में मिला-जुला रुख देखा गया. एक दिन पहले मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में बढ़त दर्ज की गई थी.
इसके साथ ही विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली आने से भी शेयर बाजारों में तेजी का दौर रहा. एक्सचेंज से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को 385.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की.
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत चढ़कर 76.45 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया.
मोतीलाल ओसवाल फाइेंशियल सर्विसेज लि. के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में काफी घटनाक्रमों की वजह से बाजार लगातार ऊंचाई की ओर जा रहा है. हमारा अनुमान है कि उम्मीद से बेहतर वृहद आर्थिक आंकड़ों और सकारात्मक वैश्विक संकेतों से बाजार में तेजी जारी रहेगी.''