खास बातें
- पिछले सप्ताह की तुलना में शुक्रवार को प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 584 अंकों की बढ़त के साथ 16739.01 पर जबकि निफ्टी 183 अंकों की तेजी के साथ 5048.6 पर बंद हुआ।
मुम्बई: देश के शेयर बाजारों में लगातार तीसरे सप्ताह तेजी दर्ज की गई। पिछले सप्ताह की तुलना में शुक्रवार को प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 584 अंकों की बढ़त के साथ 16739.01 पर जबकि निफ्टी 183 अंकों की तेजी के साथ 5048.6 पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों के निवेश के कारण बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में सप्ताह के दौरान करीब आठ फीसदी की तेजी आई।
वर्ष 2011 में 3642 करोड़ रुपये की शुद्ध बिक्री के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस वर्ष अब तक करीब छह हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे कुल मिलाकर दलाल स्ट्रीट में सकारात्मक माहौल बना है।
शुक्रवार को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान पूंजीगत वस्तुएं, धातु, तेल एवं गैस, वाहन और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीददारी देखी गई।
शुक्रवार को बजाज ऑटो (6.18 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (5.81 फीसदी), जिंदल स्टील (3.35 फीसदी) और भेल (3.09 फीसदी) की सबसे अधिक तेजी देखी गई।
एशियाई शेयर बाजारों में तेजी के रुख के कारण भी घरेलू बाजारों में इस सप्ताह तेजी रही। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में आशा के बेहतर सुधार और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष की अपनी ऋण क्षमता बढ़ाने की योजना के कारण एशियाई बाजारों में तेजी रही।
शुक्रवार को जापान का निक्केई सूचकांक 1.47 फीसदी बढ़कर 8766.36 पर जबकि हांगकांग का हेंग सेंग सूचकांक 0.84 फीसदी बढ़कर 20,110.37 पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक एक फीसदी बढ़कर 2319.12 फीसदी पर बंद हुआ।
उधर, अमेरिका का डाउ जोंस इंडस्ट्रीयल एवरेज सूचकांक 0.76 फीसदी जबकि एस एंड पी500 सूचकांक 0.70 फीसदी बढ़कर बंद हुए।
शुक्रवार को हालांकि अधिकतर यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रिटेन का एफटीएसई100 0.22 फीसदी गिरकर 5728.55 पर जबकि जर्मनी का डीएएक्स 0.18 फीसदी गिरकर 6404.39 पर बंद हुआ। फ्रांस का सीएसी 40 सूचकांक 0.22 फीसदी गिरकर 3321.50 पर बंद हुआ।