सेंसेक्स 135 अंक टूटा, निफ्टी 44 अंक नीचे हुआ बंद

मुंबई:

स्थानीय शेयर बाजारों में आज लगातार दूसरे दिन गिरावट आई और निवेशकों की रीयल्टी, बिजली व तेल एवं गैस कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के बीच बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 134.91 अंक टूटकर 28,709.87 अंक के एक माह के निचले स्तर पर आ गया। अमेरिका में ब्याज दरों में उम्मीद से पहले बढ़ोतरी की संभावना को लेकर बाजार में कुछ आशंकाएं हैं।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सकारात्मक रुख से खुलने के बाद जल्द दबाव में आ गया। कल सेंसेक्स 604 अंक टूटा था। कारोबार के दौरान यह 28,584.49 अंक के निचले स्तर तक गया। हालांकि, अंतिम घंटे में लिवाली के दौर से सेंसेक्स की गिरावट कुछ सीमित रही। अंत में यह 134.91 अंक या 0.47 प्रतिशत के नुकसान से 28,709.87 अंक पर बंद हुआ। यह 11 फरवरी के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 28,949.11 अंक के उच्च स्तर तक भी गया।

नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 44.70 अंक या 0.51 प्रतिशत के नुकसान से 8,712.05 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान यह दिन के निचले स्तर 8,677.35 अंक तक नीचे आया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, हिंडाल्को, सनफार्मा, टाटा स्टील, टाटा पावर, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एसबीआई, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक व डॉ रेड्डीज लैब में गिरावट आई। सेसा स्टरलाइट, टाटा मोटर्स, मारति सुजुकी, एलएंडटी, गेल, सिप्ला व ओएनजीसी के शेयरों में भी नुकसान रहा। सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयरों में नुकसान और 10 में लाभ रहा।