खास बातें
- सुस्त कारोबार के बीच बंबई शेयर बाजार में आज चार दिन से चली आ रही तेजी के सिलसिले पर ब्रेक लग गया और सेंसेक्स 31 अंक की गिरावट के साथ 17,398.98 अंक पर आ गया।
मुंबई: देश के शेयर बाजारों में सोमवार को मामूली गिरावट रही। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 31.00 अंकों की गिरावट के साथ 17,398.98 पर और निफ्टी 0.30 अंकों की गिरावट के साथ 5,278.60 पर बंद हुआ।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 8.70 अंकों की तेजी के साथ 17,438.68 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 4.95 अंकों की तेजी के साथ 5,283.85 पर खुला।
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में तेजी रही। मिडकैप 55.52 अंकों की तेजी के साथ 6,209.24 पर और स्मॉलकैप 71.54 अंकों की तेजी के साथ 6,615.29 पर बंद हुआ।
इससे पिछले चार कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 547 अंक चढ़ा था। कारोबार के दौरान यह 17,363.04 से 17,486.57 अंक के दायरे में घूमता रहा।
ब्रोकरों ने कहा कि बाजार का मूड ठंडा था क्योंकि मई माह में देश का निर्यात 4.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25.68 अरब डॉलर रह गया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज और भेल सहित 16 शेयर चढ़े, जबकि आईटीसी, जिंदल स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा मोटर्स सहित 13 कंपनियों के शेयरों में हानि दर्ज हुई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ।
वैश्विक बाजारों के बेहतर रुख का सकारात्मक असर यहां दिखाई नहीं दिया। इसके साथ ही निवेशकों ने एचएसबीसी के उस सर्वे को भी नजरअंदाज किया जिसमें कहा गया है कि जून में देश का विनिर्माण क्षेत्र आगे बढ़ा है।