यह ख़बर 03 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स में लगातार दूसरे सप्ताह रही गिरावट

खास बातें

  • भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। आगामी बजट, विधानसभा चुनाव परिणामों और भारतीय रिजर्व बैंक की आगामी मौद्रिक समीक्षा को देखते हुए निवेशकों ने इस सप्ताह मुनाफा वसूली पर अधिक ध्यान दिया।
मुम्बई:

भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। आगामी बजट, विधानसभा चुनाव परिणामों और भारतीय रिजर्व बैंक की आगामी मौद्रिक समीक्षा को देखते हुए निवेशकों ने इस सप्ताह मुनाफा वसूली पर अधिक ध्यान दिया।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1.6 फीसदी या 286.58 अंकों की गिरावट के साथ इस सप्ताह 17,636.99 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पिछले सप्ताह 17,923.57 पर बंद हुआ था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी इस दौरान 1.28 फीसदी या 69.95 अंकों की गिरावट के साथ 5,359.35 पर बंद हुआ।

शेयर बाजारों में शनिवार को एक घंटे से अधिक समय तक के लिए विशेष कारोबारी सत्र आयोजित किया गया। यह सत्र आपदा प्रबंधन प्रणाली की जांच के लिए आयोजित किया गया। शनिवार के विशेष सत्र में सूचकांकों में कोई विशेष बदलाव नहीं आया।

वर्ष 2012 में शेयर बाजार में तेजी का रुख रहा है, लेकिन पिछले दो सप्ताहों में निवेशकों ने मुनाफा वसूली की है।

कोटक सिक्योरिटीज के प्रबंध निदेशक डी. कन्नन ने कहा कि जनवरी में दर्ज की गई तेजी फरवरी में भी कायम रही। लेकिन तेल की बढ़ती कीमत और तीसरी तिमाही में अनुमान से खराब विकास दर के कारण तेजी का दौर थम गया।

पिछले दो सप्ताहों में दर्ज की गई तेजी में विदेशी निवेशकों द्वारा की गई लिवाली का प्रमुख योगदान रहा।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस साल अब तक भारतीय शेयर बाजारों में 7.3 अरब डॉलर से अधिक की लिवाली की है। विदेशी निवेशकों ने जनवरी में 2.03 अरब डॉलर के शेयर खरीदे, जबकि फरवरी में उन्होंने पांच अरब डॉलर से अधिक के शेयर खरीदे।

मार्च के अब तक के दो कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने 18.9 करोड़ डॉलर की लिवाली कर ली है।

इस सप्ताह आर्थिक क्षेत्र में कुछ बुरी खबर सामने आई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक दिसम्बर में समाप्त मौजूदा कारोबारी साल की तीसरी तिमाही में विकास दर 6.1 फीसदी दर्ज की गई, जो लगभग तीन साल का निचला स्तर है। विनिर्माण और खनन क्षेत्र के बुरे प्रदर्शन के कारण विकास दर कम रहा।

इस सप्ताह सेंसेक्स में सर्वाधिक बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में रहे स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (6.1 फीसदी), सन फार्मा (4.2 फीसीदी), टाटा पावर (3.1 फीसदी) और मारुति सुजुकी (3.0 फीसदी)।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस सप्ताह सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले शेयरों में रहे डीएलफ (14.6) फीसदी, एमएंडएम (8.1 फीसदी), एलएंडटी (7.7 फीसदी) और हीरो मोटोकॉर्प (7.5 फीसदी)।