यह ख़बर 14 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स में पांच सप्ताह की तेजी के बाद दिखी गिरावट

खास बातें

  • देश के शेयर बाजारों के एक प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में पांच सप्ताह की तेजी के बाद गत सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गत सप्ताह डेढ़ फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
मुम्बई:

देश के शेयर बाजारों के एक प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में पांच सप्ताह की तेजी के बाद गत सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गत सप्ताह डेढ़ फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बाजार की गिरावट में गुरुवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कम्पनी इंफोसिस के शेयरों की नकारात्मक चाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आलोच्य अवधि में 1.75 फीसदी या 307.42 अंकों की गिरावट के साथ 17,213.70 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पिछले शुक्रवार को 17,521.12 पर बंद हुआ था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी आलोच्य अवधि में 1.68 फीसदी या 89.7 अंकों की गिरावट के साथ 5,227.25 पर बंद हुआ। निफ्टी पिछले शुक्रवार को 5,316.95 पर बंद हुआ था।

आलोच्य अवधि में बीएसई के मिडकैप सूचकांक में 1.05 फीसदी और स्मॉलकैप में 1.25 फीसदी की गिरावट रही। मिडकैप 66.01 अंकों की गिरावट के साथ 6,247.89 पर और स्मॉलकैप 85.10 अंकों की गिरावट के साथ 6,737.42 पर बंद हुआ।

बीएसई के सभी 13 सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई। सूचना प्रौद्योगिकी (5.20 फीसदी), प्रौद्योगिकी (4.70 फीसदी), उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु (3.38 फीसदी), धातु (3.28 फीसदी) और बिजली (2.35 फीसदी) में सर्वाधिक गिरावट रही।

गत सप्ताह शनिवार को मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु ने शनिवार को कहा कि देश की मुद्रा में पिछले कुछ समय में काफी तेज गिरावट दर्ज की गई है और भारत के लोगों को सच्चाई स्वीकार करना होगा तथा प्रति डॉलर लगभग 50 रुपये की विनिमय दर के साथ रहना सीखना होगा।

देश की दिग्गज आईटी कम्पनी इंफोसिस की अप्रैल-जून तिमाही में निराशाजनक आय की घोषणा के बाद कई सॉफ्टवेयर निर्यातक कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली शुरू हो गई और सेंसेक्स में 256.59 अंकों की गिरावट देखी गई।

गुरुवार को इंफोसिस के शेयर 8.15 फीसदी गिरावट के साथ 2,265.25 रुपये पर बंद हुए। विप्रो के शेयर 3.98 फीसदी गिरावट के साथ 359.30 रुपये पर बंद हुए। इस दिन बीएसई का आईटी सेक्टर पांच फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।

गुरुवार को ही जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के औद्योगिक उत्पादन में मई में 2.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस महीने विनिर्माण क्षेत्र एवं विद्युत उत्पादन में अच्छी वृद्धि रही। इससे पिछले महीने में औद्योगिक उत्पादन में 0.9 फीसदी गिरावट रही थी।

शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश का निर्यात जून महीने में 5.45 फीसदी गिरावट के साथ 25.07 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो लगातार दूसरे महीने की गिरावट है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक आलोच्य अवधि में आयात में भी काफी गिरावट रही, जिसके कारण व्यापार घाटा भी कम हुआ। जून में आयात 13.46 फीसदी कम 35.37 अरब डॉलर रहा। और व्यापार घाटा 10.3 अरब डॉलर रहा। व्यापार घाटा का यह पिछले 15 महीनों का सबसे निचला स्तर है। मई में व्यापार घाटा 16.26 अरब डॉलर रहा था।