यह ख़बर 12 सितंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

शेयर बाजार में तेजी थमी, सेंसेक्स 216 अंक टूटा

खास बातें

  • शेयर बाजार में पांच दिनों से जारी तेजी गुरुवार को थम गई और डॉलर के मुकाबले रुपये में नरमी के रुख के बीच निवेशकों द्वारा सतर्कता बरतने से सेंसेक्स 215.57 अंक टूटकर बंद हुआ।
मुंबई:

शेयर बाजार में पांच दिनों से जारी तेजी गुरुवार को थम गई और डॉलर के मुकाबले रुपये में नरमी के रुख के बीच निवेशकों द्वारा सतर्कता बरतने से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 215.57 अंक टूटकर बंद हुआ।

औद्योगिक उत्पादन सूचकांक और खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले बाजार में सतर्कता का रुख रहा। पिछले पांच कारोबारी सत्र में 1,758 अंक की बढ़त हासिल करने वाला सेंसेक्स गुरुवार को 215.57 अंक की गिरावट के साथ 19,781.88 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 62.45 अंक नीचे 5,850.70 अंक पर आ टिका, जबकि एमसीएक्स एसएक्स का एसएक्स 40 सूचकांक 104.25 अंक नीचे 11,734.34 अंक पर बंद हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ब्रोकरों ने कहा कि फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की अगले सप्ताह बैठक होने तक बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर रहने की संभावना है। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 23 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।