आईटी शेयरों में बिकवाली के दबाव से सेंसेक्स 58 अंक टूटा

आईटी शेयरों में बिकवाली के दबाव से सेंसेक्स 58 अंक टूटा

मुंबई:

मजबूत वृहद आर्थिक आंकड़े के बावजूद आईटी शेयरों में बिकवाली से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मंगलवार को करीब 58 अंक नीचे बंद हुआ। चीन के आयात में गिरावट के आंकड़े आने के बाद एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ने से वैश्विक बाजारों में नरमी का रुख बन गया। इंफोसिस द्वारा सोमवार को डॉलर में आय का अनुमान घटाए जाने का असर आईटी शेयरों पर पड़ा।

30 शेयरों वाला सेंसेक्स 26,918.52 अंक और 26,719.10 अंक के दायरे में घूमने के बाद 57.58 अंक नीचे 26,846.53 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 11.90 अंक नीचे 8,131.70 अंक पर बंद हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अगस्त में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर तीन साल के उच्च स्तर 6.4 प्रतिशत पर पहुंचने से बाजार में शुरुआती रुझान सकारात्मक रहा। हालांकि, खुदरा मुद्रास्फीति सितंबर में बढ़कर 4.41 प्रतिशत पर पहुंचने का बाजार की धारणा पर नकारात्मक असर पड़ा। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 15 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।