यह ख़बर 07 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बीते सप्ताह सेंसेक्स में आया 2.6 फीसदी का उछाल

खास बातें

  • साल के पहले कारोबारी सप्ताह में भारतीय शेयर बाजारों में ढाई फीसदी से अधिक की उछाल दर्ज की गई।
मुम्बई:

साल के पहले कारोबारी सप्ताह में भारतीय शेयर बाजारों में ढाई फीसदी से अधिक की उछाल दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह के बंद स्तर के मुकाबले शनिवार को 2.55 फीसदी या 393.88 अंकों की तेजी के साथ 15,848.80 पर और निफ्टी 2.65 फीसदी या 122.60 अंकों की तेजी के साथ 4,746.90 पर बंद हुआ।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह शुक्रवार को 15,454.92 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 4,624.30 पर बंद हुआ था।

साल के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स में 63 अंकों की तेजी रही। मंगलवार को सेंसेक्स में 421.44 अंकों की तेजी रही। बुधवार और गुरुवार को सेंसेक्स में मामूली गिरावट रही, जबकि शुक्रवार को सेंसेक्स में मामूली तेजी रही।

बीएसई और एनएसई में शनिवार को विशेष कारोबारी सत्र संचालित किया गया। एनएसई में ढांचागत संरचना में सुधार के लिए यह कारोबारी सत्र संचालित किया गया और इसी वजह से बीएसई में भी कारोबार हुआ।

शनिवार को 11.15 बजे से 12.45 बजे तक दोनों शेयर बाजारों में कारोबार हुआ।

नब्बे मिनट के विशेष सत्र में शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 18.93 अंकों की गिरावट के साथ 15,848.80 पर और निफ्टी 7.20 अंकों की गिरावट के साथ 4,746.90 पर बंद हुआ।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी इस सप्ताह तेजी देखी गई। साप्ताहिक कारोबार में मिडकैप 3.17 फीसदी या 162.57 अंकों की तेजी के साथ शनिवार को 5,297.62 पर बंद हुआ। मिडकैप पिछले सप्ताह शुक्रवार को 5,135.05 पर बंद हुआ था।

स्मॉलकैप सूचकांक इस सप्ताह 3.81 फीसदी या 211.47 अंकों की तेजी के साथ शनिवार को 5,761.61 पर बंद हुआ। सूचकांक पिछले सप्ताह इसी दिन 5,550.14 पर बंद हुआ था।

बीएसई में इस सप्ताह 13 में 12 सेक्टरों में तेजी रही। पूंजीगत वस्तु (6.22 फीसदी), सार्वजनिक कम्पनियां (6.18 फीसदी), बैंकिंग (6.02 फीसदी) और धातु (5.37 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही, जबकि एकमात्र सेक्टर तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तु (0.30 फीसदी) में गिरावट दर्ज की गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सेंसेक्स में शनिवार को विशेष कारोबार सत्र में 30 में से 15 शेयरों में तेजी रही। डीएलएफ (1.06 फीसदी), मारुति सुजुकी (0.59 फीसदी), कोल इंडिया (0.52 फीसदी), हिंदुस्तान यूनिलीवर (0.50 फीसदी) और सन फार्मा (0.45 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी रही।
सेंसेक्स में शनिवार को गिरावट में रहने वाले शेयरों में प्रमुख रहे जयप्रकाश एसोसिएट्स (2.35 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (0.79 फीसदी), बजाज ऑटो (0.76 फीसदी), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (0.67 फीसदी) और स्टरलाईट इंडस्ट्रीज (0.58 फीसदी)।