यह ख़बर 19 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बीते सप्ताह सेंसेक्स में हुई 483 अंक की तेजी

खास बातें

  • शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में तीन सप्ताह से जारी गिरावट का क्रम टूटा और इस सप्ताह इसमें 2.72 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
मुम्बई:

शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में तीन सप्ताह से जारी गिरावट का क्रम टूटा और इस सप्ताह इसमें 2.72 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस हफ्ते 18,211.52 पर बंद हुआ, जो पिछले हफ्ते के बंद स्तर 17,728.61 से 2.72 फीसदी अधिक है। इस हफ्ते के पांच कारोबारी दिनों में से चार में सेंसेक्स मुनाफे में बंद हुआ। पांचवें दिन शुक्रवार को मुनाफावसूली के कारण सेंसेक्स में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले के तीन सप्ताह की गिरावट में सेंसेक्स 1,279 अंक टूटा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन 5,458.95 पर बंद हुआ। यह पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन के बंद स्तर 5,310.00 से 148.95 अंक अधिक है। इस हफ्ते कई सकारात्मक संकेतों से बाजार में तेजी आई, जिसमें महंगाई दर में नरमी एक प्रमुख कारण है। खाद्य महंगाई दर पांच फरवरी को समाप्त सप्ताह में 11.05 फीसदी दर्ज की गई, जो इससे पिछले सप्ताह 13.07 फीसद थी। उधर, थोक वस्तुओं पर आधारित महंगाई दर भी जनवरी माह में 8.43 फीसदी से घटकर 8.23 फीसदी पर आ गई। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि कीमतों में और गिरावट होगी। खाद्य महंगाई दर एकल अंकों में आ जाएगी और थोक वस्तुओं पर आधारित मासिक महंगाई दर मार्च अंत तक सात फीसदी के आस-पास आ जाएगी। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स में हिंदुस्तान युनीलीवर (1.99 फीसदी), जिंदल स्टील (1.55 फीसदी), सिप्ला (0.57 फीसदी) और भेल (0.56 फीसदी) में तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स में गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में रिलायंस कम्युनिकेशन (6.8 फीसदी), रिलायं इंफ्रा (5.6 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (5.54 फीसदी) और टाटा मोटर्स (3.91 फीसदी) प्रमुख रहे। मध्यपूर्व में जारी राजनीति अस्थिरता के बीच एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखा गया। हांगकांग का हैंगसैंग सूचकांक 1.26 फीसदी तेजी के साथ 23,595.24 पर और चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 0.93 फीसदी गिरावट के साथ 2,899.79 पर बंद हुआ। जापानी सूचकांक निक्के ई बिना किसी विशेष बदलाव के शुक्रवार को 10,842.8 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में ब्रिटेन के एफटीएसई 100 में 0.07 फीसदी की गिरावट रही और यह 6,082.99 पर बंद हुआ। फ्रांस के सीएसी 40 में 0.12 फीसदी तेजी रही और जर्मनी के डीएएक्स में 0.29 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com