यह ख़बर 09 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 183 अंक टूटा

खास बातें

  • ब्याज दरें बढ़ने से कंपनियों के मुनाफे, कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका व 2जी घोटाले की जांच का दायरा बढ़ने जैसी खबरों से सेंसेक्स 183 अंक टूटकर बंद हुआ।
Mumbai:

शेयर बाजार में तेज गिरावट बुधवार को भी जारी रही। ब्याज दरें बढ़ने से कंपनियों के मुनाफे और कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका और 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच का दायरा बढ़ने जैसी खबरों से बिकवाली दबाव बना रहा तथा बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 183 अंक टूटकर बंद हुआ। पिछले सत्र में 30 प्रमुख शेयरों वाले सेंसेक्स में मंगलवार को 262 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी। बुधवार को यह और 182.93 नीचे आ कर 17,592.77 अंक पर टिका। सेंसेक्स इससे पहले पिछले साल जुलाई में इतना नीचे था। दिन में यह एक समय 17,508.35 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 59 अंक टूटकर 5,300 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया और 5,253.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,225.65 अंक के दिन के निचले स्तर को छू गया था। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि क्रेडिट सुइस की रपट का बाजार की धारणा पर काफी नकारात्मक असर पड़ा। क्रेडिट सुइस ने 2011-12 में भारत की आर्थिक वृद्धि दर घटकर 7.7 प्रतिशत पर आने का अनुमान जताया है। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीबीआई द्वारा डीबी रीयल्टी कंपनी के अधिकारी को हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद बाजार में बिकवाली दबाव बढ़ गया। विश्लेषकों ने कहा कि निवेशक मुद्रास्फीति में बढ़ोतरी के रुख के बीच रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरें और बढ़ाए जाने को लेकर भी आशंकित हैं। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में सबसे अधिक नुकसान एडीएजी की कंपनी रिलायंस इंफ्रा को हुआ, जिसके शेयर में 18.79 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, आरकॉम का शेयर 14.32 प्रतिशत तक नीचे आ गया। अनिल अंबानी समूह की अन्य कंपनियों में रिलायंस मीडियावर्क्‍स, रिलायंस कैपिटल और रिलायंस पावर जैसे शेयरों में 8.93 प्रतिशत से 16.11 प्रतिशत के दायरे में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 22 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। टूटने वाले शेयरों में जेपी एसोसिएट्स 10.68 प्रतिशत, हिंडाल्को 6.17 प्रतिशत, हीरो होंडा 4.86 प्रतिशत, भेल 4.26 प्रतिशत, टाटा स्टील 3.39 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 3.21 प्रतिशत, टीसीएस 2.70 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.48 प्रतिशत, एसबीआई 1.81 प्रतिशत और आईटीसी 1.57 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, शानदार तिमाही नतीजे के बल पर महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपने शेयर भाव में 4.06 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की। इसके अलावा एचडीएफसी 3.16 प्रतिशत, डीएलएफ 1.13 प्रतिशत और इंफोसिस 0.98 प्रतिशत मजबूत हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com