यह ख़बर 19 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सोशल मीडिया मंच पर सैमसंग, फोर्ड अव्वल

खास बातें

  • भारत में सोशल मीडिया मंच पर सैमसंग मोबाइल और फोर्ड अपनी प्रतिद्वंद्वी क्रमश: नोकिया और मारुति सुजुकी के मुकाबले कहीं ज्यादा लोकप्रिय हैं। निल्सन-मैकिन्से की कंपनी एन एम इनसाइट के अध्ययन में यह बात सामने आयी है।
नई दिल्ली:

भारत में सोशल मीडिया मंच पर सैमसंग मोबाइल और फोर्ड अपनी प्रतिद्वंद्वी क्रमश: नोकिया और मारुति सुजुकी के मुकाबले कहीं ज्यादा लोकप्रिय हैं। निल्सन-मैकिन्से की कंपनी एन एम इनसाइट के अध्ययन में यह बात सामने आयी है।

अध्ययन में कहा गया है कि फेसबुक, ट्विटर समेत अन्य सोशल मीडिया साइट एवं अन्य ऑनलाइन साइट पर सैमसंग मोबाइल अन्य ब्रांडों के मुकाबले उपभोक्ताओं के जेहन में सबसे ऊपर है।

दिलचस्प बात यह है कि एप्पल का आईफोन इस मामले में 61वें स्थान पर हैं। जिन मानदंडों के आधार पर यह सूची तैयार की गयी है, उसमें प्रमुख तत्व सोशल मीडिया पेज पर संबंधित उपकरण को पसंद करने वालों की संख्या है। और यह पाया गया है कि आईफोन के पास आधिकारिक पृष्ठ नहीं है जिससे उसके समर्थकों की संख्या का सही अंदाजा लगाया जा सके।

अध्ययन के अनुसार सूची में फोर्ड इंडिया दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा पांच प्रमुख ब्रांड-मारुति सुजुकी (तीसरे), महिंद्रा एंड महिंद्रा (छठे), फाक्सवैगन इंडिया (आठवें), हुंदै मोटर इंडिया (11वें) तथा बीएमडब्ल्यू इंडिया (19वें) ..20 प्रमुख कंपनियों की सूची में शामिल हैं।

सर्वे में कहा गया है कि सोशल मीडिया मंच पर वाहन कंपनियां प्रमुखता से छाये हुए हैं, इस पर उत्पादों के बारे में लोगों की राय तथा साझा तस्वीरें एवं अनुभवों को डाला गया है।

शीर्ष 20 ब्रांडों में दूरसंचार कंपनियां भी छायी हुई हैं। इसमें एलजी इलेक्ट्रानिक्स (7वें), सोनी एरिक्सन (10वें), नोकिया (13वें) तथा एचटीसी (17वें) स्थान पर हैं।
दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी एयरटेल 14वें स्थान पर है। इसके बाद क्रमश: वोडाफोन (15वें) तथा टाटा डोकोमो (16वें) का स्थान है। यह पहला मौका है जब एनएम इनसाइट ने सोशल मीडिया ब्रांड इक्विटी रैंकिंग (एसएमबीईआर) सूचकांक तैयार की है। इसमें नाइक तथा फ्लिपकार्ट को क्रमश: चौथे तथा पांचवें स्थान पर रखा गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसके अलावा चैनल वी को भी इसमें शामिल किया गया है और वह नौवें स्थान पर है। रोजमर्रा के सामान बनाने वाली नेस्ले का ब्रांड मैगी 12वें स्थान पर है। एसएमबीईआर विश्लेषण में एक जनवरी से 31 दिसंबर 2011 के बीच 400 ब्रांड को शामिल किया गया है। सूची में बैंकिंग तथा वित्तीय सेवा इकाई, एयलाइंस तथा रेस्तरां शीर्ष 20 में शामिल नहीं हैं।