Click to Expand & Play
खास बातें
- पैसेंजर ट्रेनों में तीन पैसे, स्लीपर में पांच पैसे, एसी-3 टियर और एसी चेयरकार में 10 पैसे, एसी 2 टियर में 15 पैसे और एसी फर्स्ट क्लास में 30 पैसे प्रति किमी की वृद्धि की गई है।
नई दिल्ली: रेलमंत्री दिनेश त्रिवेदी ने संसद में पेश रेल बजट में यात्री किराये में 2 पैसे से 30 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। लोकसभा में बतौर रेलमंत्री पहली बार बजट पेश कर रहे दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि रेलवे बहुत कठिनाई के दौर से गुजर रही है और उसके कंधे और कमर झुक गई है।
उन्होंने कहा कि रेलवे की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए यात्री किराये में की जा रही वृद्धि मामूली है और उपनगरीय ट्रेनों के लिए प्रति किलोमीटर दो पैसे की बढ़ोतरी की जा रही है। त्रिवेदी ने इसके अलावा पैसेंजर ट्रेनों में प्रति किलोमीटर तीन पैसे, स्लीपर श्रेणी में प्रति किलोमीटर पांच पैसे, एसी-3 टियर और एसी चेयरकार में प्रति किलोमीटर 10 पैसे, एसी 2 टियर में 15 पैसे और एसी फर्स्ट क्लास में प्रति किलोमीटर 30 पैसे की बढ़ोतरी का ऐलान किया।
बजट में प्लेटफार्म टिकट तीन रुपये से बढ़ाकर पांच रुपये कर दिया गया है। पिछले नौ साल में रेल यात्री किराये में पहली बार बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने 75 नई एक्सप्रेस ट्रेनों, 21 नई सवारी गाड़ियों, मुंबई लोकल रेल नेटवर्क पर 75 नई सेवाओं तथा कोलकाता और चेन्नई लोकल नेटवर्क पर क्रमश: 50 और 15 नई सेवाओं को शुरू करने का ऐलान किया।
रेल बजट में भारतीय रेलवे स्टेशन विकास निगम के गठन का ऐलान किया गया है, जो रेलवे स्टेशनों की साफ-सफाई और रखरखाव का जिम्मा संभालेगा। रेलवे विकास निगम से 50 हजार नई नौकरियां सृजित होंगी और इस साल कुल मिलाकर एक लाख भर्तियां किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। 45 नए रूटों पर नई रेल लाइनें बिछाई जाएंगी और 4500 किलोमीटर ट्रैक पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ेंगी। देश के 100 रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। चार नए रेल कोचिंग इंस्टीट्यूट बनाए जाएंगे। डबल डेकर मालगाड़ियां शुरू की जाएंगी। नवी मुंबई को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ा जाएगा।
त्रिवेदी ने कहा कि मौजूदा रेल लाइनों पर काफी दबाव है और बहुत सारी योजनाएं अब भी लंबित पड़ी हुई हैं। 12वीं योजना में रेलवे का योजना व्यय 7.3 लाख करोड़ रुपये है और अगले 10 सालों में 14 लाख करोड़ रुपये की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि चीन की गतिविधियों को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में रेल नेटवर्क के विकास पर ध्यान दिया जाएगा। पीर पंजाल में 11 किमी की सुरंग पूरी हो चुकी है। 85 नई लाइनों का प्रस्ताव, 114 लाइनों के लिए नए सर्वे होंगे।
उधमपुर, बारामूला, कश्मीर लाइन का विद्युतीकरण किया जाएगा और मुंबई लोकल के लिए 1500 नए डिब्बे मुहैया कराए जाएंगे। मालगाड़ियों के लिए अलग कोरिडोर बनाने पर जोर रहेगा। छपरा में डीजल इंजन और रायबरेली में कोच फैक्टरी का काम पूरा। मध्य प्रदेश के विदिशा में रेलवे इंजन का कारखाना बनेगा और पालाघाट में बनेगी कोच फैक्टरी। सीएसटी से कल्याण के बीच नया कॉरिडोर बनेगा। रेलमंत्री ने कहा कि यात्री किराये से 36 हजार करोड़ रुपये की आय हुई और उन्होंने वित्तमंत्री को 3 हजार करोड़ का ऋण देने के लिए धन्यवाद दिया। अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को राजधानी और शताब्दी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
त्रिवेदी ने अपने भाषण में कहा कि पांच साल में सभी खुले फाटकों पर क्रॉसिंग बनेंगे। उन्होंने रेल रोड ग्रेड सेपरेशन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के गठन का ऐलान भी किया, साथ ही पृथक रेलवे सुरक्षा प्राधिकरण और रेलवे अनुसंधान एवं विकास परिषद के गठन की घोषणा भी की। त्रिवेदी ने कहा कि पृथक सुरक्षा प्राधिकरण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप काम करेगा। उन्होंने कहा कि 19,000 किलोमीटर पटरियां सुधारी जाएंगी और 3,000 किमी ट्रैक पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग की व्यवस्था की जाएंगी। रेलमंत्री ने रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने के लिए कमेटी के गठन की भी घोषणा की है।
रेलमंत्री ने कहा कि 9,000 से 12,000 एचपी वाले बिजली इंजन लाए जाएंगे और ट्रैक 160 किमी/घंटा की रफ्तार के लायक होंगे और रेलवे ट्रैकों के दोहरीकरण पर भी खास ध्यान दिया जाएगा, साथ ही शताब्दी ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। कुछ ट्रैक 250 किमी रफ्तार के लायक भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा, हमारी ट्रेनें बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की विरासत को दिखाएंगी। उन्होंने कहा कि हमारा सपना है कि भारतीय रेल विकास का इंजन बने।