यह ख़बर 02 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

विधानसभा चुनावों के बाद पेश होगा बजट : प्रणब

खास बातें

  • वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि इस बार आम बजट पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने पर पेश किया जाएगा, पर अभी तारीख तय नहीं है।
नई दिल्ली:

वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को कहा कि इस बार आम बजट पांच राज्यों में घोषित विधानसभा चुनाव खत्म होने पर पेश किया जाएगा, पर अभी इसकी तारीख तय नहीं है। मुखर्जी ने कहा, ‘हमने अभी तारीख तय नहीं की है, पर स्वभाविक तौर पर यह चुनावों के बाद ही होगा।’ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, पंजाब और गोवा में 30 जनवरी से 3 मार्च के बीच होने वाले विधानसभा चुनावों की वजह से वित्तवर्ष 2012-13 के लिए पेश होने वाले बजट की तिथि को पुनर्निधारित किए जाने की संभावना है।

सामान्यत: फरवरी के आखिरी कारोबारी दिन पर आम बजट लोक सभा में पेश किया जाता है। इस बार फरवरी 29 दिन की है, पर इस बीच विधानसभा चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के बाद चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के मुताबिक अंतिम चुनाव 3 मार्च को गोवा में संपन्न होगा और 4 मार्च को मतों की गिनती शुरू होगी।

मुखर्जी 11 जनवरी से बजट तैयारी पर विभिन्न संबंधित समूहों से बातचीत करना प्रारंभ करेंगे। संभावना है कि बजट पूर्व बैठक की शुरुआत किसानों के साथ की जाएगी। इसके बाद अगले 10 दिन तक विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों और अर्थशास्त्रियों के साथ अगले वित्तवर्ष के बजट पर विचार-विमर्श किया जाएगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com