यह ख़बर 04 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

चुंगी व स्थानीय कर खत्म करने की जरूरत : पीएम

खास बातें

  • प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महंगाई को काबू में रखने के लिए राज्यों में चुंगी, मंडी शुल्क और अन्य स्थानीय करों को खत्म किए जाने पर बल दिया है।
New Delhi:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महंगाई को काबू में रखने के लिए राज्यों में चुंगी, मंडी शुल्क और अन्य स्थानीय करों को खत्म किए जाने पर बल दिया है। सिंह ने उच्च महंगाई दर को आर्थिक वद्धि के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा है कि इससे गरीब एवं कमजोर तबका प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी कर, चुंगी और स्थानीय कर समाप्त किए जाने की जरूरत है, ताकि आवश्यक वस्तुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान तक भेजने में सहूलियत हो। राज्यों के मुख्य सचिवों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि यद्यपि पिछले कुछ सालों से अर्थव्यवस्था तीव्र वृद्धि की राह पर है पर मुद्रास्फीति इस विकास के लिए आर्थिक वृद्धि की रफ्तार के लिए खतरा बन गई है। प्रधानमंत्री ने कहा, ...इसलिए मंडी कर, चुंगी और स्थानीय करों को समाप्त करने की बड़ी जरूरत दिख रही है, क्योंकि इन करों से आवश्यक वस्तुओं को लाने-ले जाने में बाधाएं खड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोग के उच्च स्तर को पूरा करने के लिए विभिन्न जिंसों की उपलब्धता सुधारने के वास्ते संस्थागत व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन की जरूरत है। आंतरिक सुरक्षा की स्थिति के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा, देश के कुछ हिस्सों में तनाव है। उन्होंने कहा कि यद्यपि महती गरीबी उन्मूलन के कार्यक्रमों में काफी सफलता मिली है, सेवाओं तक पहुंच हमेशा उतनी अच्छी नहीं रही, जितनी हो सकती थी या होना चाहिए था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com