यह ख़बर 08 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

कठिन दौर से गुजर रही है भारतीय अर्थव्यवस्था : पीएम

खास बातें

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था इस समय कठिन दौर से गुजर रही है और चालू वित्तवर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 7 फीसदी तक ही रह सकती है।
जयपुर:

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था इस समय कठिन दौर से गुजर रही है और चालू वित्तवर्ष में आर्थिक वृद्धि दर 7 प्रतिशत तक ही रह सकती है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि आने वाले वर्ष में अर्थव्यवस्था अपनी लय पकड़ लेगी और देश फिर 9 से 10 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि की राह पर चल पड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने 10वें प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन करते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है, इसलिए भविष्य को लेकर कोई आशंकाएं नहीं हैं। उन्होंने उच्च बचत दर भारतीय अर्थव्यवस्था की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि घरेलू बचत दर इस समय औसतन सकल घरेलू उत्पाद के 33 से 35 प्रतिशत के बीच है। इससे अर्थव्यवस्था को वृद्धि के लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने विश्व भर से जुटे प्रमुख भारतवंशियों से कहा, ‘‘हमारा देश भी कठिन दौर से गुजर रहा है। हालांकि हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है। हमारी संवैधानिक व्यवस्था भी सशक्त है और हम मौजूदा चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सिंह ने कहा, ‘‘कठिन वैश्विक परिवेश के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था चालू वित्तवर्ष में 7 प्रतिशत वृद्धि दर्ज कर सकती है।’’ पिछले वित्तवर्ष के दौरान आर्थिक वृद्धि 8.5 प्रतिशत थी, जबकि चालू वित्तवर्ष में शुरू में आर्थिक वृद्धि दर 9 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की गई थी। तीन दिन चलने वाले प्रवासी दिवस सम्मेलन में 60 देशों में रह रहे भारतवंशी समुदाय के 1900 से अधिक चुनिंदा उद्यमी, नीति नियामक और गणमान्य व्यक्ति भाग ले रहे हैं।