Click to Expand & Play

नई दिल्ली: देश में मंगलवार यानी 12 अप्रैल, 2022 को पिछले छह दिनों से पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. सरकारी तेल कंपनियों ने 6 अप्रैल के बाद से ईंधन तेल के दामों में कोई संशोधन नहीं किया है. कच्चे तेल के दामों में पिछले एक-दो हफ्तों में काफी गिरावट आई है. हालांकि, मंगलवार की सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दामों में तेजी दर्ज हुई है. बाजार में रूस के एनर्जी सेक्टर पर और प्रतिबंधों की आशंका की सुगबुगाहट है. वहीं, OPEC ने चेतावनी दी है कि सप्लाई में हुई कमी की भरपाई के करने के लिए पर्याप्त आउटपुट बढ़ाना संभव नहीं है.
बाजार में मंगलवार के तड़के ब्रेंट क्रूड फ्यूचर में 0.9% की तेजी आई थी और इसकी कीमत 99.33 डॉलर प्रति बैरल पर चल रही थी. वहीं. यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कॉन्ट्रैक्ट्स 1.1% की तेजी के साथ 95.33 डॉलर प्रति बैरल थी.
देश के चार बड़े शहरों में तेल के दाम
| शहर | पेट्रोल | डीज़ल |
|---|
| दिल्ली | 105.41 | 96.67 |
| कोलकाता | 115.12 | 99.83 |
| मुंबई | 120.51 | 104.77 |
| चेन्नई | 110.85 | 100.85 |
| स्रोत : इंडियन ऑयल |
ऐसे चेक करें अपने शहर में तेल के दाम
देश में अंतरराष्ट्रीय कच्चा तेल बाजार के दामों के मुताबिक हर रोज ईंधन तेल के घरेलू दाम संशोधित किए जाते हैं. ये नए दाम हर रोज सुबह 6 बजे लागू हो जाते हैं. अच्छी बात है कि आप घर बैठे ईंधन की कीमत का पता कर सकते हैं. घर बैठे तेल की कीमत पता करने के लिए आपको इंडियन ऑयल मैसेज सेवा के तहत मोबाइल नंबर 9224992249 पर SMS भेजना होगा.