यह ख़बर 09 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दुनिया में हर 25 में एक अरबपति भारतीय

खास बातें

  • 'फोर्ब्स' द्वारा जारी सूची में 1,226 हस्तियां हैं। इनमें 48 नाम भारतीय हैं, जिनकी सम्मिलित सम्पत्ति 194.6 अरब डॉलर है।
न्यूयॉर्क:

अनिल और मुकेश अंबानी, अजीम प्रेमजी, नारायणमूर्ति, बिल गेट्स और वारेन बुफे जैसे धनी मानी व्यक्तियों के नामों वाली दुनिया के अरबपतियों की सूची में प्रत्येक 100 नाम में औसतन चार नाम भारतीयों के हैं। यह जानकारी एक अरब डॉलर (करीब 50 अरब रुपये) से अधिक की सम्पत्ति के मालिकों की एक ताजा सूची से मिलती है, जिसे व्यावसायिक पत्रिका फोर्ब्स द्वारा हर वर्ष प्रकाशित किया जाता है। 'फोर्ब्स' द्वारा जारी इस सूची में 1,226 हस्तियां हैं। इनमें 48 नाम भारतीय हैं, जिनकी सम्मिलित सम्पत्ति 194.6 अरब डॉलर है। इसके अलावा नौ नाम भारतीय मूल के लोगों के हैं, जो अब विदेशों में बस गए हैं।

दूरसंचार का कारोबार करने वाले मैक्सिको के उद्यमी कार्लोस स्लिम का नाम सूची में सबसे ऊपर है। उनकी सम्पत्ति 69 अरब अमेरिकी डॉलर के बराबार आंकी गई है। स्लिम के बाद माइक्रोसॉफ्ट के प्रवर्तक गेट्स (61 अरब डॉलर) और बुफे (44 अरब डॉलर) का स्थान है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 22.3 अरब डॉलर की सम्पत्ति के साथ सूची में 19वें स्थान पर हैं। मुकेश (54) की संपत्ति एक साल पहले की तुलना में 4.7 अरब डॉलर कम हो गई है पर वह सबसे अमीर भारतीय हैं। कृष्णा गोदावरी थाले की रिलायंस गैस परियोजना का उत्पादन घट रहा है। इसका असर कंपनी के शेयरों पर पड़ा है।