खास बातें
- अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत को दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण और तेजी से आगे बढ़ने वाला उभरता बाजार बताया है।
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भारत को दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण और तेजी से आगे बढ़ने वाला उभरता बाजार बताया है। अमेरिकी संसद को भेजे गए सालाना बजट प्रस्ताव सांसदों से उन्होंने यह बात कही है। ओबामा प्रशासन के सालाना बजट प्रस्ताव में कहा गया है, भारत दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण और संभावना वाला उभरता बाजार है। उत्पादन एवं सेवा के मामले में अमेरिकी कंपनियों के विस्तार लिए वहां व्यापक संभावनाएं हैं। बजट प्रस्ताव में कहा गया है, राष्ट्रपति की पिछले साल अमेरिकी यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच 14.9 अरब डॉलर के सौदों की घोषणा हुई। इसमें 9.5 अरब डॉलर का सामान अमेरिका को निर्यात करना है। इससे 53,670 रोजगार सृजित करने में मदद मिलेगी। प्रस्ताव के मुताबिक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग दोनों के हित में है। इससे दोनों देशों के आर्थिक वृद्धि एवं विकास में मदद मिलेगी। बजट प्रस्ताव में कहा गया है कि चीन, भारत तथा अन्य विकासशील देशों की अर्थव्यवस्था में वृद्धि वस्तुओं एवं सेवाओं के निर्यात के लिहाज से अमेरिकी कंपनियों के लिये एक बेहतर मौका है। इसके लिए हमें आर्थिक वृद्धि को गति देने और रोजगार सृजन के लिए आक्रमक तरीके से प्रतिस्पर्धा करने की जरूरत है।