खास बातें
- दलाली से निपटने के लिए तत्काल योजना की नई समय सारिणी और अतिरिक्त पहल मंगलवार से शुरू हुई। रेलवे ने दावा किया कि इससे आरक्षण काउंटरों पर दबाव कम हुआ है और ई-टिकट साइट्स का प्रदर्शन सुधरा है।
नई दिल्ली: दलाली से निपटने के लिए तत्काल योजना की नई समय सारिणी और अतिरिक्त पहल मंगलवार से शुरू हुई। रेलवे ने दावा किया कि इससे आरक्षण काउंटरों पर दबाव कम हुआ है और ई-टिकट साइट्स का प्रदर्शन सुधरा है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि सामान्य टिकट कटाने वाले और तत्काल टिकट बुक कराने वाली भीड़ के अलग-अलग होने से रेलवे के साथ ही टिकट कटाने वालों को भी फायदा हुआ है।
तत्काल बुकिंग के लिए कुछ जोन में अलग काउंटर बने, वहीं उत्तर रेलवे जैसे कुछ अन्य जोन में तत्काल टिकट भी उसी काउंटर से बने लेकिन तत्काल टिकट वालों को सुबह दस बजे से ही समय दिया गया।
आईआरसीटीसी सहित किसी भी अधिकृत एजेंट को सुबह दस बजे से 12 बजे तक काउंटरों से टिकट लेने की अनुमति नहीं दी गई। साथ ही इस दौरान वह इंटरनेट से भी टिकट नहीं ले सकते थे।
बहरहाल आईआरसीटीसी ने दावा किया कि इस दौरान उसकी साइट सुचारू रूप से काम करती रही जबकि अन्य दिनों में यात्री साइट के काम नहीं करने की शिकायत करते थे।
आईआरसीटीसी के एक वरीय अधिकारी ने कहा कि टिकट कटाने वालों को अलग-अलग करने और तत्काल बुकिंग के अलग समय के कारण ऐसा हो सका।