यह ख़बर 26 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

नए कारोबारियों के लिए भारत बेहतरीन : सर्वे

खास बातें

  • भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में कार्य संस्कृति कारोबार शुरू करने के लिहाज से बेहतर है।
लंदन:

भारत विश्व के उन चंद देशों में है जहां कारोबार शुरू करना आसान है। भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में कार्य संस्कृति कारोबार शुरू करने के लिहाज से बेहतर है। यह जानकारी एक वैश्विक सर्वे में दी गई है। बीबीसी वर्ल्ड सर्विस द्वारा 24 देशों में कराए गए सर्वे में कहा गया है कि कोलंबिया, मिस्र, तुर्की, इटली और रूस नवप्रवर्तन और उद्यम के लिहाज से कम अनुकूल हैं। सर्वे के मुताबिक विश्व के दो प्रमुख देशों अमेरिका और चीन में भी नवप्रवर्तन और सृजन के लिहाज से बेहतर माहौल है। सर्वे में शामिल दोनों देशों के 75 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनका देश नवप्रवर्तन और सृजन को महत्व देता है। वहीं इंडोनेशिया, भारत और ब्राजील के क्रमश: 85 प्रतिशत, 67 प्रतिशत और 54 प्रतिशत लोगों का मानना है कि उनके देश में कुछ अलग करने को महत्व दिया जाता है। तुर्की के 24 प्रतिशत और रूस और मिस्र के 26-26 प्रतिशत लोगों का मानना है कि उनके देश में नवप्रवर्तन और सृजन की कद्र की जाती है। सर्वे में ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, भारत, चीन, अमेरिका, पाकिस्तान समेत 24 देशों के 24,537 वयस्क नागरिकों को शामिल किया गया। सर्वे में पाकिस्तान को छोड़कर एशिया के अधिकांश देशों में उद्यम संस्कृति को बेहतर बताया गया है। सर्वे में शामिल देशों में सर्वाधिक रेटिंग इंडोनेशिया (2.81) को मिली। इसके बाद अमेरिका का स्थान आता है। भारत (2.73) और ऑस्ट्रेलिया (2.72) को क्रमश: चौथा और पांचवा स्थान दिया गया है। वहीं चीन और फिलीपींस को 2.66 और 2.62 रेटिंग मिली। पाकिस्तान को मात्र 2.35 रेटिंग मिली जो कि वैश्विक औसत 2.49 से भी कम है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com