खास बातें
- बाजार के मूल्यांकन के हिसाब से शीर्ष 10 कंपनियों में से 8 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह 43,385.50 करोड़ रुपये घट गया।
Mumbai: देश में शेयर बाजार के मूल्यांकन के हिसाब से शीर्ष 10 कंपनियों में से 8 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह 43,385.50 करोड़ रुपये घट गया, जिसमें ओएनजीसी को सबसे अधिक नुकसान हुआ। बंबई स्टॉक एक्सचेंज में गत शुक्रवार को समाप्त हुए कारोबार में ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण 17,132.35 करोड़ रुपये घटकर 2,37,457.35 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं शेयर दर के हिसाब से देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार में हैसियत 2,913.02 करोड़ रुपये घटकर 2,98,043.93 करोड़ रुपये रह गई। देश की दो सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी एवं सॉफ्टवेयर सेवा कंपनियों- टीसीएस और इंफोसिस के बाजार पूंजीकरण में कुल 11,818.88 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई। जहां टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 2,13,217.37 करोड़ रुपये रहा, वहीं इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 1,74,566.93 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया को भी 2,558.13 करोड़ रुपये का झटका लगा और उसका बाजार पूंजीकरण घटकर 1,91,985.76 करोड़ रुपये रह गया। समीक्षाधीन सप्ताह में एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 3,940.11 करोड़ रुपये घटकर 1,64,122. 69 करोड़ रुपये रहा। इसी तरह एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 371.05 करोड़ रुपये घटकर 1,45,367.46 करोड़ रुपये पर आ गया।