खास बातें
- वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी द्वारा पेश 2012-13 के बजट को निवेशकों ने कर जुटाने वाला तथा महंगाई बढ़ाने वाला करार दिया है।
मुंबई: वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी द्वारा पेश 2012-13 के बजट को निवेशकों ने कर जुटाने वाला तथा महंगाई बढ़ाने वाला करार दिया है। इससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 210 अंक की गिरावट के साथ 17,466.20 अंक पर आ गया। हालांकि, वैश्विक बाजारों में मजबूती का रुख रहा, लेकिन बाजार पर ऊंचे कर प्रस्तावों का असर ज्यादा रहा।
उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के बीच बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स एक समय सेंसेक्स 17,871 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन वित्त मंत्री द्वारा बजट पेश किए जाने के साथ ही इसमें गिरावट आनी शुरू हो गई और यह 209.65 अंक या 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,466.20 अंक पर गया।
इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 62.60 अंक या 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,317.90 अंक रह गया।
रिफाइनरी, पूंजीगत सामान, बैंकिंग, पीएसयू और धातु वर्ग के शेयर बिकवाली दबाव में रहे।
वित्त मंत्री ने बजट में सेवा कर और उत्पाद शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 फीसद करने का प्रस्ताव किया है। इससे कारें, फ्रिज, दोपहिया, एसी और वॉशिंग मशीन के दाम बढ़ जाएंगे।
इसके अलावा चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा 5.9 रहने के अनुमान से भी कई सकारात्मक बातों का लाभ ‘लुप्त’ हो गया।
हालांकि बजट में आयकर छूट की सीमा बढ़ाने और आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाने की सकारात्मक चीजें भी हैं, लेकिन इसका लाभ बाजार को नहीं मिल पाया।