खास बातें
- महंगाई में कमी, जिंसों के दामों में गिरावट और वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ एलएंडटी के शेयरों में लिवाली से बाजार को मजबूती मिली।
मुंबई: बंबई शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा और सेंसेक्स 185 अंक चढ़कर 18,326.09 अंक पर पहुंच गया। महंगाई में कमी, जिंसों के दामों में गिरावट और वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ एलएंडटी के शेयरों में लिवाली से बाजार को मजबूती मिली। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 18,429.47 और 18,161.38 अंक के दायरे में घूमने के बाद गुरुवार के बंद स्तर के मुकाबले 184.69 अंक या 1.02 प्रतिशत मजबूत होकर 18,326.09 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स 55 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 58.25 अंक या 1.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ 5,486.35 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि खाद्य मुद्रास्फीति में कमी से बाजार की धारणा मजबूत हुई है। सात मई को समाप्त सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 18 माह के निचले स्तर 7.47 प्रतिशत पर आ गई है। विश्लेषकों ने कहा कि तेल उत्पादक कंपनियों पर तेल सब्सिडी का बोझ बढाने के सरकार के निर्णय से बाजार की तेजी पर कुछ असर पड़ा। आईआईएफएल के शोध प्रमुख (भारतीय निजी ग्राहक) अमर अंबानी ने कहा, अपस्ट्रीम कंपनियों पर तेल सब्सिडी का बोझ बढ़ाने की घोषणा से बाजार का मूड कुछ प्रभावित हुआ। पर कुल मिलाकर एलएंडटी के नतीजों तथा खाद्य महंगाई घटने से बाजार उत्साहित था। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी के रुख से भी यहां बाजार धारणा को बल मिला।