खास बातें
- मिस्र संकट के बादल छंटने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल कीमतों में नरमी आने से इस सप्ताह शेयर बाजार में फिर से तेजी आने की संभावना है।
नई दिल्ली: मिस्र में राजनीतिक संकट के बादल छंटने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल कीमतों में नरमी आने से इस सप्ताह शेयर बाजार में फिर से तेजी आने की संभावना है। मुद्रास्फीति में वृद्धि, सुधारों की कमी और मिस्र के 18 दिन लंबे संकट सहित व्यापक आर्थिक चिंताओं के कारण बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में पिछले तीन सप्ताह के दौरान 6.72 प्रतिशत अथवा 1,278.92 अंक की गिरावट आई थी। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक द्वारा शुक्रवार की रात को गद्दी त्यागने के फैसले के बाद मिस्र में सामान्य स्थिति बहाल होने से बाजार धारणा में सुधार होने की संभावना है। जियोजीत बीएनपी पारिबा वित्तीय सेवा के शोध प्रमुख एलेक्स मैथ्यूज ने कहा, 'मिस्र संकट के समाप्त होने के बाद आने वाले सप्ताह की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ होनी चाहिए।' बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स शुक्रवार को 265 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ जिसमें पिछले सप्ताहांत 1.55 प्रतिशत की गिरावट आई थी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह सुधार का रुख आगामी कारोबारी दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।