खास बातें
- कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 18,135.02 अंक के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
मुंबई: विदेशी निवेशकों की ओर से चुनिंदा शेयरों में लिवाली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 30 अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अंतिम सत्र में मुनाफावसूली ने बाजार में तेजी को सीमित कर दिया। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 29.04 अंक के सुधार के साथ 18,037.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 18,135.02 अंक के दिन के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.25 अंक की मामूली बढ़ोतरी के साथ 5,396 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,440.35 और 5,376.95 अंक के दायरे में घूमता रहा। चालू वित्त वर्ष के लिए सरकार द्वारा 8.6 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान जाहिर किए जाने के बाद बाजार की धारणा में सुधार हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि हालांकि अंतिम सत्र में फंडों एवं खुदरा निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली किए जाने से शुरुआती तेजी कायम न रह सकी। लंदन मेटल एक्सचेंज में धातुओं के दाम में तेजी से मेटल शेयर लिवाली के केन्द्र में रहे।