खास बातें
- बीएसई का संवेदी सूचकांक सेन्सेक्स 24.15 अंक की बढ़त लेकर बंद हुआ, और एसएसई का निफ्टी सूचकांक 8.6 अंक बढ़कर बंद हुआ।
मुंबई: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को देश के शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले थे, लेकिन उसके बाद भारी उतार-चढ़ाव के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के बल पर दोनों प्रमुख शेयर बाज़ार मामूली बढ़त लेकर बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेन्सेक्स कारोबार के दौरान 17,849.64 अंक और 17,665.89 अंकों के दायरे में घूमने के बाद 24.15 अंक की बढ़त लेकर 17,772.84 पर बंद हुआ, और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एसएसई) का निफ्टी सूचकांक 8.6 अंक मजबूत होकर 5,390.20 पर बंद हुआ।
सोमवार सुबह सेन्सेक्स बढ़त के रुख के साथ 17,761.70 पर खुला था, और सुबह करीब 10:40 बजे यह गिरावट के रुख के साथ 17,735.03 पर कारोबार कर रहा था। सेन्सेक्स पिछले कारोबारी दिवस, यानि शुक्रवार को 17,748.69 पर बंद हुआ था। उधर, निफ्टी सोमवार को 5,382.10 पर खुला था, जबकि वह शुक्रवार को 5,381.60 पर बंद हुआ था। बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में बढ़त का रुख देखा गया। सोमवार को सबसे अधिक तेजी धातु शेयरों में दर्ज की गई जिससे धातु सूचकांक 1.01 प्रतिशत चढ़कर 12,489.36 अंक पर बंद हुआ।