यह ख़बर 21 फ़रवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

डीजीसीए का कड़ा रुख, किंगफिशर को नया शेड्यूल बनाने का आदेश

खास बातें

  • आज किंगफिशर के सीईओ संजय अग्रवाल की पेशी के बाद सीजीसीए प्रमुख भारत भूषण ने कहा कि किंगफिशर के 64 में से 28 विमान अभी उड़ रहे हैं जिनका नया शेड्यूल तैयार करने को कहा गया है।
नई दिल्ली:

बिना पहले सूचना दिए उड़ानें रद्द करने के मामले पर कड़ा रवैया अपनाते हुए डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन−यानी डीजीसीए ने किंगफिशर से बुधवार तक नया शेड्यूल बनाने को कहा है। आज किंगफिशर के सीईओ संजय अग्रवाल की पेशी के बाद सीजीसीए प्रमुख भारत भूषण ने कहा कि किंगफिशर के 64 में से 28 विमान अभी उड़ रहे हैं जिनका नया शेड्यूल तैयार करने को कहा गया है। साथ ही एयरलाइंस से यह भी कहा गया है कि वह उड़ान रद्द होने की सूचना यात्रियों को पहले से दें। इसके अलावा मौजूदा बेड़े की सुरक्षा पर भी ध्यान देने को कहा गया है। भूषण ने कहा कि किंगफिशर ने भरोसा दिलाया है कि कर्मचारियों की दिसंबर की सैलरी फरवरी तक दे दी जाएगी।

पिछले छह दिनों से किंगफिशर की उड़ानें रद्द हो रही हैं जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। देशभर में किंगफिशर की 40 उड़ानें आज भी रद्द हुई हैं। इनमें मुंबई से 28 और दिल्ली से छह उड़ानें शामिल हैं। सोमवार को भी देशभर में 40 उड़ानें रद्द हुई थीं जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। किंगफिशर की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के चलते पहले से परेशान यात्रियों की मुश्किलें दूसरी एयरलाइंस ने बढ़ा दी हैं। मौके का फायदा उठाते हुए दूसरी एयरलाइंस ने 10 से 25 फीसदी तक किराया बढ़ा दिया है। कुछ व्यस्त रूटों पर तो किराया 45 फीसदी तक बढ़ा दिया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com