यह ख़बर 27 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

देश में जगुआर लैंड रोवर का पहला संयंत्र

खास बातें

  • जगुआर लैंड रोवर ने शुक्रवार को देश में अपने पहले संयंत्र की यहां शुरुआत की। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
पुणे:

जगुआर लैंड रोवर ने शुक्रवार को देश में अपने पहले संयंत्र की यहां शुरुआत की। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। इस संयंत्र में लैंड रोवर फ्रीलैंडर-2 वाहनों को एसेम्बल किया जाएगा। वाहनों के अलग-अलग हिस्से, ब्रिटेन के लिवरपूल स्थित जगुआर लैंड रोवर हेलवुड उत्पादन संयंत्र से अंतिम रूप में तैयार होकर यहां आएंगे। संयंत्र का उद्घाटन टाटा मोटर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक कार्ल-पीटर फोर्स्टर और जगुआर लैंड रोवर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राल्फ स्पीथ ने किया। इस अवसर पर फोर्स्टर ने कहा, "भारतीय बाजार में हमारे विस्तार की रणनीति में आज यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस संयंत्र की शुरुआत मातृ कम्पनी टाटा मोटर्स और जगुआर लैंड रोवर के बीच घनिष्ठ सहयोग को प्रदर्शित करता है और हम इस सहयोग को आगे और विकसित करना चाहते हैं।" स्पीथ ने कहा कि जगुआर लैंड रोवर ने 2009 में इस देश में अपने पहले शोरूम के उद्घाटन के बाद से भारतीय बाजार में महत्वपूर्ण वृद्धि हासिल की है। स्पीथ ने कहा, "भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और आरामदायक उत्पादों की यहां बढ़ रही मांग के कारण इस देश में हमारी गतिविधियों के विस्तार का यह अच्छा समय है।" पुणे संयंत्र जगुआर लैंड रोवर के मुख्यधारा की गुणवत्ता प्रक्रियाओं का पालन करेगा और अनुभवी उत्पादन एवं गुणवत्ता प्रबंधक इसकी निगरानी करेंगे, जो ब्रिटेन से भारत आएंगे। पुरस्कार विजेता लैंड रोवर फ्रीलैंडर-2 की भारत में दो किस्में उपलब्ध हैं -टीडी4 एसई ऑटोमेटिक और एसडी4 एचएसई ऑटोमेटिक। इनकी कीमतें 33.89 लाख रुपये से शुरू होती हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com