खास बातें
- जिंसों में वायदा कारोबार की सुविधा देने वाले देश के सबसे बड़े एक्सचेंज एमसीएक्स का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 22 फरवरी को बाजार में आएगा।
नई दिल्ली: जिंसों में वायदा कारोबार की सुविधा देने वाले देश के सबसे बड़े एक्सचेंज एमसीएक्स का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 22 फरवरी को बाजार में आएगा।
एमसीएक्स द्वारा इस आईपीओ से 650-750 करोड़ रुपये जुटाए जाने की संभावना है। यह देश में किसी एक्सचेंज द्वारा लाया जाने वाला पहला आईपीओ होगा।
बाजार नियामक सेबी के पास सौंपी गई विवरण पुस्तिका के मुताबिक, आईपीओ के तहत शेयरों के लिए बोली 22 फरवरी को शुरू होगी और निवेशक 24 फरवरी तक इसमें बोली लगा सकेंगे।
यद्यपि आईपीओ का मूल्य दायरा अभी तय किया जाना है, सूत्रों ने कहा कि आईपीओ से 650 से 750 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं। यह 2012 का पहला आईपीओ भी होगा।
आईपीओ के तहत करीब 64.27 लाख शेयरों की बिक्री की पेशकश की जाएगी जो कंपनी में 12.6 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। इसमें कर्मचारियों के लिए आरक्षित ढाई लाख शेयर शामिल हैं।