यह ख़बर 12 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

दो और बैंकों ने बढ़ाईं ब्याज दरें

खास बातें

  • बैंक ऑफ महाराष्ट्र व स्टेट बैंक ऑफ मैसूर ने उधारी पर ब्याज दर में 0.25% अंक की वृद्धि की है। स्टेट बैंक ने शुक्रवार को ही ब्याज दर में 0.25% अंक की वृद्धि की है।
Mumbai:

सार्वजनिक क्षेत्र के दो और बैंकों ने अपनी उधारी दर में चौथाई फीसदी की वृद्धि कर दी है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र और स्टेट बैंक ऑफ मैसूर ने उधारी पर ब्याज दर में 0.25 फीसदी अंक की वृद्धि की है। शेयर बाजार को भेजी सूचना में बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने कहा है कि उसने शुक्रवार से अपनी बैंचमार्क प्रधान ब्याज दर (बीपीएलआर) को 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर 13.75 प्रतिशत कर दिया है। इससे आवास और वाहन क्षेत्र में दिए जाने वाले सभी कर्ज महंगे हो जाएंगे। स्टेट बैंक ऑफ मैसूर ने इसके साथ ही अपनी आधार दर को 0.25 प्रतिशत बढ़ाकर 8.75 प्रतिशत कर दिया है। नई दर 14 फरवरी से प्रभावी होगी। देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने भी शुक्रवार को ही अपनी जमा और उधारी दर में 0.25 प्रतिशत अंक की वृद्धि की है। 25 जनवरी को रिजर्व बैंक की ऋण एवं मौद्रिक नीति समीक्षा के बाद से अब तक सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के कई बैंक अपनी कर्ज की ब्याज दरों में वृद्धि कर चुके हैं। पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बडौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन ओवरसीज बैंक सहित दर्जनों बैंक ब्याज दर बढ़ा चुके हैं। हालांकि मौद्रिक समीक्षा के बाद ज्यादातर बैंकों ने कहा था कि वह तुरंत ब्याज दरें नहीं बढ़ाएंगे, लेकिन एक पखवाड़े के भीतर ही करीब-करीब सभी बैंक ब्याज दरों में वृद्धि कर चुके हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com