यह ख़बर 12 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

इन्फोसिस ने सबसे प्रभावशाली शेयर का तमगा रिलायंस से गंवाया

खास बातें

  • इन्फोसिस ने देश के सबसे प्रभावशाली शेयर का तमगा मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज से गंवा दिया है। आईटी कंपनी के शेयर में आज आठ प्रतिशत से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज हुई।
मुंबई:

इन्फोसिस ने देश के सबसे प्रभावशाली शेयर का तमगा मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज से गंवा दिया है। आईटी कंपनी के शेयर में आज आठ प्रतिशत से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज हुई।

इसके साथ ही इन्फोसिस देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में पांचवें से छठे पायदान पर खिसक गई है।

इन्फोसिस के शेयर में आई गिरावट से आईटी क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ। एक अन्य आईटी कंपनी टीसीएस मूल्यवान कंपनियों की सूची में दूसरे से तीसरे स्थान पर आ गई। कुछ दिन पहले थोड़े समय के लिए टीसीएस ने रिलायंस इंडस्ट्रीज को पछाड़कर सबसे मूल्यवान कंपनी बनने का गौरव हासिल किया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज इस समय देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है और सार्वजनिक क्षेत्र की ओएनजीसी दूसरे स्थान पर है।

बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में अपने भारांश के हिसाब से इन्फोसिस फिसलकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद दूसरे स्थान पर आ गई है। आज का कारोबार बंद होने के समय तक इन्फोसिस का सेंसेक्स में भारांश 9.51 प्रतिशत रह गया, जो रिलायंस के 10 प्रतिशत से कुछ कम है।

आज कारोबार बंद होने के समय तक इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 1,48,642 करोड़ रुपये था। रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले, ओएनजीसी दूसरे, टीसीएस तीसरे, कोल इंडिया चौथे और आईटीसी पांचवें स्थान पर थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

टीसीएस के शेयर में आज 3.9 प्रतिशत की गिरावट आई, वहीं ओएनजीसी का शेयर 0.6 फीसद नीचे आया।