खास बातें
- खाद्य महंगाई दर में लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। जारी आंकड़ों के मुताबिक इसमें सब्जियों और खासकर प्याज की कीमतों में तीखी गिरावट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नई दिल्ली: खाद्य महंगाई दर में लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इसमें सब्जियों और खासकर प्याज की कीमतों में तीखी गिरावट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खाद्य महंगाई दर 31 दिसम्बर को समाप्त सप्ताह में -2.9 फीसदी रही। पिछले सप्ताह यह -3.36 फीसदी थी, जो अप्रैल 2006 के बाद खाद्य महंगाई दर का निचला स्तर है।
केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि आने वाले महीनों में कीमतों में गिरावट जारी रहेगी।
साप्ताहिक आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुखर्जी ने कहा, "महंगाई में कमी अगले महीनों में जारी रहेगी। इस दौरान विनिर्मित वस्तुओं की कीमतें भी घटेंगी और गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भी तेजी से गिरावट होगी।"
मंत्री ने कहा कि इस साल मार्च तक महंगाई दर घटकर छह से सात फीसदी हो जाएगी। ताजा आंकड़ों के मुताबिक नवम्बर माह की वार्षिक महंगाई दर 9.11 फीसदी है।
खाद्य महंगाई दर लगभग छह साल में पहली बार 24 दिसम्बर 2011 को समाप्त सप्ताह में नकारात्मक अंकों में दर्ज की गई। इससे आम आदमी और नीति निर्माताओं दोनों को राहत मिली।
ताजा नकारात्मक दर में पिछले सप्ताह की ऊंची दर और मौसमी आपूर्ति ने महत्वपूर्ण योगदान किया। पिछले साल की समान अवधि में महंगाई दर 20 फीसदी के आसपास थी।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सब्जियों की कीमत पिछले साल के मुकाबले लगभग आधी देखी गई।
वार्षिक महंगाई दर में 20.12 फीसदी योगदान करने वाले प्राथमिक वस्तुओं के सूचकांक में आलोच्य अवधि में 0.51 फीसदी महंगाई दर्ज की गई।
इसी अवधि में ईंधन और बिजली में 14.45 फीसदी महंगाई दर्ज की गई, जो पिछले सप्ताह 14.6 फीसदी थी।
अर्थशास्त्रियों के मुताबिक खाद्य महंगाई दर में ताजा गिरावट और वार्षिक महंगाई दर के दबाव में आई कमी के कारण भारतीय रिजर्व बैंक मुख्य दरों में कटौती करने पर विचार कर सकता है और खाद्य महंगाई दर मार्च तक शून्य के आसपास बनी रहने की सम्भावना है।
खाद्य सूचकांक के तहत आने वाली कुछ प्रमुख वस्तुओं के मूल्यों में पिछले एक साल में आया उतार चढ़ाव इस प्रकार है :
प्याज : (-) 74.77 फीसदी
सब्जी : (-) 49.03 फीसदी
फल : 9 फीसदी
आलू : (-) 31.97 फीसदी
अंडा, मांस, मछली : 15.22 फीसदी
अनाज : 2.03 फीसदी
चावल : 1.7 फीसदी
गेहूं : (-) 3.35 फीसदी
दाल : 14.72 फीसदी