खास बातें
- सरकार ने आशा व्यक्त की कि मानसून अच्छा रहने के कारण खाद्य मुद्रास्फीति घटेगी। साथ ही कहा कि खाद्य सुरक्षा विधेयक को मंत्रीसमूह मंजूरी दे चुका है।
नई दिल्ली: सरकार ने विश्वास व्यक्त किया कि मानसून काफी अच्छा रहने के कारण खाद्य मुद्रास्फीति घटेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा विधेयक को मंत्रीसमूह मंजूरी दे चुका है और यह मंत्रिमंडल में पेश किए जाने की प्रक्रिया में है। गृहमंत्री पी चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, 'मानसून पर्याप्त रूप से बेहतर रहा है। सामान्य से थोड़ा कम लेकिन उम्मीद है कि यह बढ़ेगा। खाद्य मुद्रास्फीति को कम करने के लिए कई कदम उठाये गए हैं। हमें उम्मीद है कि खाद्य मुद्रास्फीति कम होगी।' उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति अधिक क्यों है। चिदंबरम ने कहा, 'वित्तमंत्री ने कहा है कि खाद्य मुद्रास्फीति बढ़ने के कारणों में एक कारण यह भी है कि अनेकों वजह से खाद्य वस्तुओं की मांग अधिक हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों तक में मांग अधिक हुई है। लेकिन यह अच्छी बात है। यह अच्छी बात है कि लोग खाद्य पदार्थ की मांग कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि आपूर्ति भी इसी तरह से बढ़ेगी।' उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा विधेयक मंजूरी के लिए जल्द ही मंत्रिमंडल के समक्ष पेश किया जाएगा। चिदंबरम ने कहा, 'खाद्य सुरक्षा विधेयक पर मंत्रिसमूह की बैठक में चर्चा हुई है। अब यह मामला मंत्रिमंडल में आएगा... कुछ भी इसे नहीं रोक रहा है। मंत्रिसमूह ने इस पर चर्चा की है। अब विधि विभाग द्वारा इसका मसौदा तैयार किया जाएगा जिसके बाद इस पर संबंधित मंत्रालयों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा।'