यह ख़बर 11 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

पहली तिमाही में एचडीएफसी का मुनाफा 18 फीसदी बढ़ा

खास बातें

  • देश के रिएल्टी क्षेत्र में सुस्ती की आशंकाओं को दरकिनार करते हुए होम लोन देने वाले सबसे बड़े वित्त संस्थान एचडीएफसी का शुद्ध मुनाफा अप्रैल से जून तिमाही में 18.6 फीसदी बढ़कर 1,002 करोड़ रुपये हो गया।
मुम्बई:

देश के रिएल्टी क्षेत्र में सुस्ती की आशंकाओं को दरकिनार करते हुए होम लोन देने वाले सबसे बड़े वित्तीय संस्थान एचडीएफसी का शुद्ध मुनाफा अप्रैल से जून तिमाही में 18.6 फीसदी बढ़कर 1,002 करोड़ रुपये हो गया।

एचडीएफसी अध्यक्ष दीपक एस पारेख ने सालाना आम बैठक में शेयरधारकों से कहा, ‘‘जून तिमाही में हमारा मुनाफा बढ़कर 1,001.9 करोड़ रुपये हो गया। कुल आय बढ़कर 4,942.31 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले साल की समान अवधि में 3,821.6 करोड़ रुपये रही थी।’’

पारेख ने कहा ‘‘उक्त तिमाही के दौरान संस्थान का कुल कर्ज 1,240 अरब रुपये से बढ़कर 1,480 अरब रुपये तक पहुंच गया। इसमें एचडीएफसी बैंक को बेचा गया 4,978 करोड़ रुपये का कर्ज शामिल नहीं है।’’

इस दौरान एचडीएफसी की शुद्ध ब्याज आय पिछले साल इसी अवधि के 1,170.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,372.55 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। हालांकि, इस दौरान कर देनदारी भी 331 करोड़ से बढ़कर 378 करोड़ रुपये हो गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आलोच्य तिमाही में संचालन आय 4,914.71 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल यह 3,800.67 करोड़ रुपये रही थी।