यह ख़बर 08 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

इस साल शिखर पर पहुंच सकता है सोना

खास बातें

  • दुनिया की प्रमुख बहुमूल्य धातु विश्लेषक कंपनी के सर्वेक्षण के अनुसार, 2012 में सोना 2,000 डॉलर प्रति औंस की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच सकता है।
नई दिल्ली:

इस साल लगातार तीसरे बरस सोने की कीमतों में उछाल आ सकता है। दुनिया की एक प्रमुख बहुमूल्य धातु विश्लेषक कंपनी के सर्वेक्षण के अनुसार, 2012 में सोना 2,000 डॉलर प्रति औंस की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच सकता है। लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (एलबीएमए) के सालाना सर्वेक्षण के अनुसार पीली धातु के लिए औसत अनुमान 2012 के लिए 1,766 डॉलर प्रति औंस लगाया गया है। सर्वेक्षण में 26 बहुमूल्य धातुओं विश्लेषकों के विचार लिए गए हैं।

इस साल सोने का औसत मूल्य 2011 की तुलना में 12.34 प्रतिशत अधिक यानी 1,766 डॉलर प्रति औंस रहने का अनुमान है। यह जनवरी के पहले सप्ताह की तुलना में 10.2 प्रतिशत अधिक है। सर्वेक्षण में शामिल 26 में से 19 विश्लेषकों का मानना है कि 2012 में सोना 2,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर को लांघ सकता है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भारत में 8 दिसंबर, 2011 को सोना स्टैंडर्ड 29,155 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर को छू गया। बीते साल यानी 2011 में आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई की वजह से सोने को निवेश का सबसे सुरक्षित विकल्प माना गया। इस वजह से साल के दौरान यह पीली धातु अपनी सर्वकालिक ऊंचाई पर पहुंच गई। एक औंस 28.35 ग्राम के बराबर होता है।