खास बातें
- दाल, गेहूं और आलू की कीमत गिरने से खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर में 5 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 2.02 फीसदी की कमी आई।
New Delhi: दाल, गेहूं और आलू की कीमत के गिरने से खाद्य वस्तुओं की महंगाई दर में लगातार दूसरे सप्ताह कमी दर्ज की गई है। गुरुवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार खाद्य मुद्रास्फीति 5 फरवरी को समाप्त सप्ताह के दौरान 2.02 फीसदी घटकर 11.05 फीसदी पर आ गई। यह खाद्य मुद्रास्फीति का नौ सप्ताह का निम्नतम स्तर है। 29 जनवरी को समाप्त सप्ताह में यह दर 13.07 प्रतिशत थी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक सालाना आधार पर आलू के मूल्य में 13.63 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि दाल और गेहूं क्रमश: 5.88 फीसदी और 2.54 फीसदी सस्ते हुए। बहरहाल, सब्जी की कीमत में 24 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसका कारण मुख्य रूप से प्याज का भाव है, जिसमें 31.33 फीसदी की तेजी रिकॉर्ड की गई है। आलोच्य सप्ताह के दौरान सालाना आधार पर फल और दूध के दाम में क्रमश: 12.21 फीसदी तथा 11.66 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इससे पूर्व 4 दिसंबर, 2010 को खत्म सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति 9.46 फीसदी के स्तर पर थी।