खास बातें
- फिच ने ब्रिटेन की लम्बी अवधि में कर्ज भुगतान क्षमता की रेटिंग को 'स्थिर' से घटाकर 'नकारात्मक' कर दिया और इसके लिए देश में ऊंचे कर्ज स्तर तथा धीमे आर्थिक विकास को कारण बताया।
लंदन: वैश्विक रेटिंग एजेंसी फिच ने बुधवार को ब्रिटेन की लम्बी अवधि में कर्ज भुगतान क्षमता की रेटिंग को 'स्थिर' से घटाकर 'नकारात्मक' कर दिया और इसके लिए देश में ऊंचे कर्ज स्तर तथा धीमे आर्थिक विकास को कारण बताया।
फिच ने कहा कि ब्रिटेन में कर्ज का स्तर काफी अधिक है और विकास काफी धीमा है। इसके लिए और अधिक विपरीत आर्थिक स्थितियों को बर्दाश्त करना कठिन होगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक फिच ने ब्रिटेन की साख रेटिंग को हालांकि 'एएए' पर बरकरार रखा। फिच के मुताबिक भविष्य को नकारात्मक बताए जाने का अर्थ यह है कि अगले दो साल में रेटिंग घटाए जाने की 50 फीसदी से थोड़ी अधिक सम्भावना है।
फिच ने हालांकि इस बीच माना कि ब्रिटेन ने अपने संरचनागत बजटीय घाटे को कम करने की दिशा में प्रगति की है और साथ ही उसने वित्तीय घाटा कम करने की सरकार की कोशिशों पर भरोसा जताया। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन का बजटीय घाटा अमेरिका के बाद दुनिया में दूसरे स्थान पर है।