यह ख़बर 09 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

फार्मूला वन : फोर्स इंडिया की नई कार लॉन्च

खास बातें

  • अरबपति व्यवसायी विजय माल्या ने 13 मार्च से शुरू हो रहे नए सत्र के लिए अपनी फार्मूला वन टीम फोर्स इंडिया की नई कार का अनावरण किया।
लंदन:

भारत के अरबपति व्यवसायी विजय माल्या ने 13 मार्च से शुरू हो रहे नए सत्र के लिए अपनी फार्मूला वन टीम फोर्स इंडिया की नई कार का मंगलवार को अनावरण किया। वेबसाइट 'यूरो स्पोर्ट डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक इस कार का ऑनलाइन अनावरण किया गया। माल्या ने अपने संदेश में कहा कि मशहूर कार निर्माता कम्पनी मैक्लॉरेन के सहयोग से निर्मित इस कार की मदद से उनकी टीम इस वर्ष पोडियम पर चढ़ने का प्रयास करेगी। नए सत्र में भारत में भी एक रेस होनी है। इसका आयोजन अक्टूबर में राजधानी नई दिल्ली के करीब बनाई जा रही सर्किट पर होगा। इस रेस को इंडियन ग्रां पी नाम दिया गया है। माल्या ने कहा कि 2011 उनकी टीम के लिए बेहद खास है क्योंकि इस वर्ष वह पहली बार अपने देश में आयोजित होने वाली ग्रां पी रेस में हिस्सा लेगी। फोर्स इंडिया टीम बीते सत्र में सातवें स्थान पर रही थी। माल्या के मुताबिक वीजेएम04 नाम की इस कार का निर्माण फोर्स इंडिया टीम के तकनीकी निदेशक एंड्रयू ग्रीन की देखरेख में किया गया है। माल्या के मुताबिक आधुनिकतम तकनीक और कुछ मूलभूत बदलावों के साथ सामने आई इस कार से उन्हें काफी उम्मीद है। फार्मूला वन-2011 चैम्पियनशिप की शुरुआत 13 मार्च को बहरीन ग्रां पी से होगा। इसके अंतर्गत नवम्बर तक कुल 20 रेसों का आयोजन किया जाना है। इस वर्ष भारत के चालक नारायण कार्तिकेयन हिस्पानिया टीम की ओर से पांच साल बाद एफ-1 सर्किट में वापसी कर रहे हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com