दिल्ली में आजादपुर मंडी के हड़ताली व्यापारियों पर एस्मा लगा दिया गया है यानी जो व्यापारी हड़ताल खत्म नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहां तक की उनके लाइसेंस भी रद्द किए जा सकते हैं।
दरअसल, एशिया की सबसे बड़ी आजादपुर मंडी में कारोबारी हड़ताल पर बैठ गए हैं। आशंका है कि राजधानी की दूसरी मंडियां भी काम बंद कर सकती हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट के व्यापारियों के खिलाफ फैसले के बाद से ही ये सब्जी कारोबारी हड़ताल की तैयारी में थे। दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला किया था कि बिचौलिए छह प्रतिशत कमीशन किसानों से लेना बंद कर दें और यह कमीशन वह थोक व्यापारी और रीटेल विक्रेताओं से लें।
इस हड़ताल पर जाने से न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे उत्तर भारत में फल और सब्जियों की कीमतों में बढ़ोतरी के आसार हैं और अगर यहां की दूसरी मंडिया भी हड़ताल पर जाने का फैसला करती हैं तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
दिल्ली के खाद्य मंत्री गिरिश सोनी ने इस हड़ताल को राजनैतिक साजिश कहा है। उन्होंने कहा कि हम कोर्ट के फैसले के खिलाफ नहीं जा सकते।