यह ख़बर 15 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली वालों ने जून में गटकीं बीयर की 13 लाख पेटियां

खास बातें

  • जून का महीना दिल्ली की शराब की दुकानों के लिए काफी अच्छा साबित हुआ है। बढ़ती गर्मी की वजह से जून में दिल्ली में बीयर की खपत 13 लाख पेटियों के आंकड़े को पार कर गई।
नई दिल्ली:

जून का महीना दिल्ली की शराब की दुकानों के लिए काफी अच्छा साबित हुआ है। बढ़ती गर्मी की वजह से जून में दिल्ली में बीयर की खपत 13 लाख पेटियों के आंकड़े को पार कर गई।

आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जून में बीयर की बिक्री का आंकड़ा 13,37,743 पेटी रहा। पिछले साल जून में बीयर की बिक्री 10,35,364 पेटियां रही थीं। इस तरह माह के दौरान बीयर बिक्री में लगभग 30 फीसदी का इजाफा हुआ।

बीयर की एक पेटी में 20 बोतलें होती हैं। बीयर की बिक्री से हुई आमदनी से आबकारी विभाग को चालू वित्तवर्ष में 3,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।

राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने हालांकि बताया कि मॉनसून के आगमन के बाद बीयर की बिक्री में कुछ गिरावट दर्ज हुई। बीयर के अलावा जून में व्हिस्की, रम, वोदका और अन्य शराब की बिक्री में भी इजाफा हुआ। माह के दौरान शराब की बिक्री 7.75 लाख पेटियां रही, जो जून, 2011 में 7.72 लाख पेटियां थी। राजधानी में शराब की 550 दुकानें हैं। इसके अलावा करीब 400 होटलों और रेस्तरांओं में भी शराब उपलब्ध है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पिछले साल का राजस्व लक्ष्य 2,300 करोड़ रुपये था, जिसे बाद में बढ़ाकर 2,400 करोड़ रुपये कर दिया गया। हालांकि, आबकारी विभाग का राजस्व संग्रहण इस संशोधित लक्ष्य को पार कर 2,500 करोड़ रुपये रहा।