यह ख़बर 09 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

देश में 52 होटल खोलेंगे चटवाल

खास बातें

  • अमेरिका की आतिथ्य क्षेत्र की कम्पनी हैम्पशायर होटल्स एंड रिसॉर्ट्स अगले पांच साल में देश में 52 होटल खोलेगी। ये होटल 'ड्रीम' और 'नाइट' नाम से होंगे।
नई दिल्ली:

अमेरिका की आतिथ्य क्षेत्र की कम्पनी हैम्पशायर होटल्स एंड रिसॉर्ट्स अगले पांच साल में देश में 52 होटल खोलेगी। ये होटल 'ड्रीम' और 'नाइट' नाम से होंगे। हैम्पशायर होटल्स एंड रिजॉर्ट्स भारतीय अमेरिकी कारोबारी संत चटवाल की कम्पनी है।

इन होटलों में नाइट होटल्स ब्रांड से 40 महंगी श्रेणी के होटल होंगे, जबकि ड्रीम होटल्स नाम से 12 बुटीक होटल होंगे। ये होटल कारोबारी पर्यटकों को लक्षित होंगे। होटल गोवा, चेन्नई, दिल्ली, मुम्बई, बेंगलुरू, जयपुर, उदयपुर, हैदराबाद और कोलकाता जैसे शहरों में खोले जाएंगे।

होटल की योजना चटवाल के पुत्र विक्रम के मस्तिष्क की उपज है। इनका प्रबंधन दुनिया की सबसे बड़ी होटल श्रंखलाओं में से एक विंधम समूह द्वारा किया जाएगा।

विक्रम चटवाल ने कहा, "हम अगले 10 साल में दुनिया की सबसे बड़ी बुटीक होटल कम्पनी बनना चाहते हैं।"

संत चटवाल ने कहा कि उनकी कम्पनी इस परियोजना पर दो हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी।

चटवाल ने कहा कि परियोजना के तहत उन्होंने पहले ही कुछ सम्पत्तियों पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। कोच्चि में ड्रीम होटल का निर्माण इनमें से एक है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा, "आतिथ्य क्षेत्र में भारत का अलग स्थान है, लेकिन चीन में जहां 10 लाख होटल कक्ष हैं, वहीं भारत में लगभग 1,20,000 ही हैं।"