खास बातें
- प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 68.21 अंक की गिरावट के साथ 18,327.76 पर और निफ्टी 6.25 अंक की गिरावट के साथ 5505.90 पर बंद हुए।
मुम्बई: देश के शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट का रुख देखा गया। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 68.21 अंकों की गिरावट के साथ 18,327.76 पर और निफ्टी 6.25 अंक की गिरावट के साथ 5505.90 पर बंद हुए। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 169.76 अंक की गिरावट के साथ 18,226.21 पर खुला। सेंसेक्स ने 18,395.09 के ऊपरी और 18,038.48 के निचले स्तर को छुआ। सोमवार को कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स में तेज गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के पहले 15 मिनट में सेंसेक्स 368.46 अंक नीचे दिनभर के न्यूनतम स्तर पर चला गया। बाद में उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट में सुधार होता रहा और यह 68.21 अंक की गरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयरों में तेजी दर्ज की गई। ओएनजीसी (3.69 फीसदी), भेल (2.98 फीसदी), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (2.73 फीसदी), एलएंडटी (2.19 फीसदी) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (2.18 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स में गिरावट में रहने वाले शेयरों में जयप्रकाश एसोसिएट्स (4.69 फीसदी), आईटीसी (3.18 फीसदी), एचडीएफसी (2.73 फीसदी), भारती एयरटेल (2.61 फीसदी) और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (2.31 फीसदी) प्रमुख रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 59.60 अंक की गिरावट के साथ 5452.55 पर खुला। निफ्टी ने 5,526.85 के ऊपरी और 5,416.65 के निचले स्तर को छुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट का रुख देखा गया। मिडकैप 30.02 अंक की गिरावट के साथ 6868.35 अंक पर और स्मॉलकैप 68.47 अंक की गिरावट के साथ 8,477.82 अंक पर बंद हुआ। बीएसई के 13 में से नौ सेक्टरों में तेजी दर्ज की गई। उपभोक्ता वस्तु (3.26 फीसदी), बिजली (1.31 फीसदी), उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु (1.22 फीसदी), तेल एवं गैस (1.22 फीसदी) और सार्वजनिक कम्पनियों (0.81 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई। रियल्टी (2.23 फीसदी), तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तु (2.00 फीसदी), प्रद्योगिकी (1.52 फीसदी) और सूचना प्रौद्योगिकी (1.47 फीसदी) में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई में कारोबार का रुझान नकारात्मक रहा। कुल 1180 शेयरों में तेजी और 1660 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 166 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।